home page

थ्रेशर हादसे में मृतक के परिवार को 5 लाख की सहायता, कई योजनाओं का भी मिला लाभ

 | 
थ्रेशर हादसे में मृतक के परिवार को 5 लाख की सहायता, कई योजनाओं का भी मिला लाभ


जौनपुर,27 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जनपद में मड़ियाहूं तहसील के ग्राम भदराव निवासी मुलायम बनवासी की थ्रेशर दुर्घटना में हुई मृत्यु के बाद जिला प्रशासन ने त्वरित संवेदनशीलता दिखाते हुए उनके परिवार को राहत प्रदान की है। जिलाधिकारी डॉ दिनेश चंद्र सिंह ने सोमवार को पीड़ित परिजनों को कलेक्ट्रेट कार्यालय में 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता का चेक प्रदान किया। यह हादसा एक सप्ताह पूर्व गेहूं मड़ाई के दौरान हुआ था, जब थ्रेशर मशीन में फंसकर उक्त युवक की मृत्यु हो गई।

जनसुनवाई के दौरान इस घटना की जानकारी मिलने पर जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने तत्काल संज्ञान लिया और संबंधित अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर सहायता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। प्रशासन की सक्रियता के चलते महज एक सप्ताह के भीतर ही मृतक की पत्नी पूजा को कृषक दुर्घटना बीमा योजना के तहत 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। इसके अलावा परिवार को आवास योजना का स्वीकृति पत्र, कृषि पट्टा, निराश्रित महिला पेंशन योजना का लाभ तथा अंत्योदय राशन कार्ड भी उपलब्ध कराया गया है।

जिलाधिधारी ने बताया कि उक्त याेजनाओं के लाभ के साथ पारिवारिक लाभ योजना के लिए आवेदन भी कराया गया है। जबकि आय, जाति और निवास प्रमाण पत्र भी जारी कर दिए गए हैं। उन्हाेंने बताया कि परिवार को राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना, बाल सेवा योजना समेत अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया जारी है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है और उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

------------------

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव