home page

देवरिया के तीन एसडीएम बदले, तीन नए अधिकारियों की तैनाती

 | 
देवरिया के तीन एसडीएम बदले, तीन नए अधिकारियों की तैनाती


देवरिया, 13 जुलाई (हि.स.)। की उत्तर प्रदेश के 183 उप जिलाधिकारियों (एसडीएम) के तबादले की सूची में देवरिया जिले के तीन एसडीएम भी शामिल हैं। शासन ने लंबे समय से जिले में कार्यरत अधिकारियों का स्थानांतरण करते हुए उनकी जगह उन्नाव, मऊ और रामपुर से तीन नए अधिकारियों की तैनाती की है।

सलेमपुर की एसडीएम दिशा श्रीवास्तव का तबादला अमेठी जिले में कर दिया गया है। वह 23 फरवरी 2024 को देवरिया में तैनात हुई थीं और अगस्त 2024 से सलेमपुर तहसील का कार्यभार संभाल रही थीं। मार्च 2025 में खेत पर अवैध कब्जा हटाने की कार्रवाई के दौरान स्वयं ट्रैक्टर चलाकर अतिक्रमण हटवाने के कारण वह प्रदेशभर में चर्चा का विषय बनी थीं।

बरहज के एसडीएम हरिशंकर लाल को गौतमबुद्ध नगर भेजा गया है। वह अक्टूबर 2023 से देवरिया में तैनात थे। शुरुआत में उन्हें रुद्रपुर तहसील का एसडीएम बनाया गया था, लेकिन बरहज तहसील में तत्कालीन एसडीएम के निलंबन के बाद उन्हें वहां की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।

रुद्रपुर के एसडीएम अवधेश निगम का तबादला फिरोजाबाद कर दिया गया है। वह जून 2021 से देवरिया में तैनात थे और करीब पांच वर्षों तक जिले में विभिन्न महत्वपूर्ण प्रशासनिक दायित्व निभाते रहे। उन्होंने लंबे समय तक उप जिला निर्वाचन अधिकारी के रूप में भी सेवाएं दीं। शासन ने रिक्त हुए पदों पर उन्नाव से सिटी द्विवेदी, मऊ से अखिलेश सिंह यादव तथा रामपुर से विकास कुमार वर्मा की तैनाती की है। नए अधिकारी शीघ्र ही देवरिया पहुंचकर अपना कार्यभार ग्रहण करेंगे।

प्रदेश सरकार के इस व्यापक तबादला अभियान का उद्देश्य प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं सुचारु बनाना बताया जा रहा है। नए अधिकारियों के कार्यभार संभालने के बाद जिले की तीनों तहसीलों में प्रशासनिक गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद है।

-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक