home page

चंदौली : कुंए में जहरीली गैस के चपेट में आए तीन युवकाें की मौत, एक गंभीर-मुख्यमंत्री ने घटना को लिया संज्ञान

 | 
चंदौली : कुंए में जहरीली गैस के चपेट में आए तीन युवकाें की मौत, एक गंभीर-मुख्यमंत्री ने घटना को लिया संज्ञान


चंदौली/वाराणसी, 22 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में चंदौली जिले के शहाबगंज थाना क्षेत्र के किड़हिरा गांव में शनिवार को दर्दनाक हादसा हो गया। एक पुराने कुएं में खराब सबमर्सिबल पंप निकालने के दौरान जहरीली गैस की चपेट में आने से तीन युवकाें की मौत हो गई, जबकि एक अन्य की हालत गंभीर बनी हुई है। हादसे के बाद गांव में अफरा-तफरी और कोहराम मच गया। सूचना पर पुलिस और जिला प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। मृतकों की पहचान किड़हिरा गांव निवासी जमाल , तौकीर आलम और वारिस अली के रूप में हुई है। वहीं, शमशेर नामक व्यक्ति की हालत गंभीर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, गांव में एक व्यक्ति के पुराने कुएं में खराब सबमर्सिबल पंप लगा था। शनिवार को उसे निकालने के लिए जमाल, तौकीर आलम, वारिस अली और शमशेर कुएं के अंदर उतरे थे। बताया गया कि पंप निकालने के दौरान अचानक कुएं के भीतर जहरीली गैस का रिसाव होने लगा, जिससे चारों बेहोश होकर गिर पड़े।

कुएं के ऊपर मौजूद ग्रामीणों ने घटना देख शोर मचाया और तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से चारों को कुएं से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जमाल, तौकीर आलम और वारिस अली को मृत घोषित कर दिया, जबकि शमशेर की हालत गंभीर होने पर उसका उपचार जारी है। घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग और एसपी आकाश पटेल गांव में पहुंच गए और घटना स्थल का जायजा लिया। अधिकारियों ने मृतकों के परिजनों को ढांढस बंधाया और हर संभव सरकारी मदद का आश्वासन दिया।प्रारंभिक तौर पर कुएं में जहरीली गैस के कारण दम घुटने को हादसे की वजह माना जा रहा है। हालांकि, गैस की वास्तविक प्रकृति की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। आशंका जताई जा रही है कि कुएं में मीथेन या कार्बन मोनोऑक्साइड जैसी जहरीली गैस जमा हो सकती थी।

शहाबगंज थानाध्यक्ष अरुण प्रताप सिंह ने बताया कि आवश्यक कार्रवाई के बाद तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना की जांच की जा रही है।

तीन युवकाें की मौत पर मुख्यमंत्री ने जताया दुख

चंदौली में हुए हादसे को प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लिया है। उन्होंने घटना पर गहरा दुख प्रकट कर मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट किया। और उन्हें नियमानुसार हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने हादसे में गंभीर युवक के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी