home page

उरुवा में परिषदीय विद्यालय की एक शिक्षिका और दो महिला शिक्षामित्र बर्खास्त

 | 
उरुवा में परिषदीय विद्यालय की एक शिक्षिका और दो महिला शिक्षामित्र बर्खास्त


--लम्बे समय से अनुपस्थित रहने का आरोप सिद्ध होने पर तीनों महिलाओं को बर्खास्त कर सेवाएं समाप्त

प्रयागराज, 08 अप्रैल (हि.स)। उत्तर प्रदेश में फर्जी दस्तावेजों, लंबी अनुपस्थिति और अनुशासनहीनता के कारण शिक्षकों की सेवा समाप्ति की खबरें प्रमुखता से आ रही हैं। वहीं उरुवा ब्लॉक में लम्बे समय से अनुपस्थित रहने तथा शिक्षण कार्य मे रुचि न लेने का आरोप सिद्ध होने पर दो महिला शिक्षामित्र व एक शिक्षिका को बर्खास्त कर सेवाएं समाप्त कर दी गई है।

खंड शिक्षा अधिकारी उरुवा वरुण मिश्रा ने बुधवार को बताया कि 21 दिसम्बर, 2024 से लगातार अनुपस्थित चल रही प्राथमिक विद्यालय बरवा की सहायक अध्यापिका शालिनी सिंह को शिक्षा निदेशक बेसिक उत्तर प्रदेश के 3 दिसम्बर 2024 द्वारा दिए गए आदेश के निर्देश के क्रम में शिक्षिका के पद से बर्खास्त किया गया है। शालिनी सिंह का अंतरजनपदीय स्थानांतरण के फलस्वरूप वर्ष 2013 में जनपद में कार्यभार ग्रहण करने के बाद से ही कई बार विद्यालय में अनुपस्थित चल रही थी। तीन बार नोटिस देने के बावजूद जवाब न मिलने पर बीएसए ने बर्खास्त की कार्रवाई की है। इससे पहले भी इनकी 29 अप्रैल 2019 से 10 अक्टूबर 2020 तक कुल 163 दिन की सेवाएं बाधित की जा चुकी है।

वहीं संविलियम विद्यालय टूडिहार में शिक्षामित्र के पद पर कार्यरत संगीता सिंह 1 अगस्त 2024 से लगातार विद्यालय में अनुपस्थित चल रही हैं। संगीता सिंह को तीन बार अपना पक्ष रखने के लिए रजिस्टर्ड डाक के माध्यम से पत्र भी भेजा गया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। जिससे शिक्षा निदेशक बेसिक के आदेश 3 दिसम्बर 2024 को दिए गए निर्देश के क्रम में बर्खास्त करने व अनुबंध समाप्त कर शिक्षामित्र के पद से बर्खास्त कर दिया गया।

वहीं प्राथमिक विद्यालय अरई, मदरा मुकुंदपुर में शिक्षामित्र अंजू मिश्रा 1 जुलाई 2020 से अनवरत अनुपस्थित चल रही हैं और वह वर्तमान समय में पुणे, महाराष्ट्र में निवास कर रही हैं। अंजू मिश्रा को भी तीन बार कारण बताओं नोटिस जारी की गई, लेकिन कोई जवाब न मिलने पर शिक्षा निदेशक बेसिक ने अपने आदेश 3 दिसम्बर 2024 में अनुबंध समाप्ति कर शिक्षामित्र के पद से बर्खास्त कर दिया है। बीईओ उरुवा वरुण मिश्रा ने बताया है कि सम्बंधित तीनों विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को पत्र के माध्यम से अवगत करा दिया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र