home page

अलग-अलग सड़क हादसाें में तीन की मौत

 | 
अलग-अलग सड़क हादसाें में तीन की मौत


गाजियाबाद, 10 मई (हि.स.)। गाजियाबाद के थाना भोजपुर क्षेत्र के पट्टी गांव के पास रविवार दोपहर को एक तेज रफ्तार बाइक आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा टकराई। इस घटना में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। एक युवक ने हेलमेट पहन रखा था, जबकि पीछे बैठा युवक बिना हेलमेट के था। हादसे के बाद मौके से चालक ट्रक लेकर फरार हो गया।

सहायक पुलिस आयुक्त मोदीनगर भास्कर वर्मा ने बताया कि रविवार दोपहर को थाना भोजपुर क्षेत्र के पट्टी गांव निवासी दीपांशु उर्फ दीपू (19) पुत्र दिनेश व जनपद हापुड़ के सदीकपुरा गांव निवासी सागर (19) पुत्र बबलू एक बाइक पर बैठकर जा रहे थे। दोनों दोस्त थे। दोनों गाजियाबाद की एक फैक्ट्री में काम करते थे। रविवार को दोनों बाइक से ड्यूटी करके पट्टी गांव लौट रहे थे।

उन्होंने बताया कि सागर के सिर पर हेलमेट था। पट्टी गांव के पास पहुंचने पर आगे चल रहे ट्रक ने अचानक ब्रेक लगा दिए, जिससे उनकी बाइक ट्रक से जा टकराई। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। उनकी बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई। सूचना पर एक्सप्रेस-वे की पेट्रोलिंग टीम व पुलिस मौके पर पहुंची। खून से लथपथ दोनों को सीएचसी मोदीनगर ले जाया गया। वहां डॉक्टर ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने दोनों के परिजनों को सूचना दी। युवकों की मौत के बाद से उनके घर में कोहराम मचा है। परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। एसीपी का कहना है कि ट्रक चालक की तलाश की जा रही है। उन्होंने बताया कि दोनों युवक गाजियाबाद स्थित एक फर्नीचर फैक्ट्री में काम करते थे।

सहायक पुलिस आयुक्त अमित सक्सेना ने बताया कि थाना लिंक रोड क्षेत्र में रविवार को एक तेज रफ़्तार ऑटो चालक ने ठेला लेकर घर जा रहे बुजुर्ग (60 वर्ष) को टक्कर मार दिया। उन्हें गंभीर हालत में उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां पर उनकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि मृतक की पहचान जनपद संभल निवासी विजयपाल के रूप में हुई है। इस मामले में उनके बेटे ओमप्रकाश ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पीड़ित के अनुसार उनके पिता ठेला लेकर घर से निकले थे, तभी ऑटो चालक ने उन्हें टक्कर मार दिया। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां पर उनकी मौत हो गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी