home page

जौनपुर में तीन दिन से चल रहा धरना समाप्त, जांच के आदेश पर माने परिजन

 | 

जौनपुर, 03 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर में कलेक्ट्रेट परिसर में तीन दिन से धरने पर बैठे खुटहन क्षेत्र के मुजक्कीपुर गांव निवासी मृतक दीपक विश्वकर्मा के परिजनों ने शनिवार रात करीब आठ बजे धरना समाप्त कर दिया। पुलिस-प्रशासन की ओर से मामले की विवेचना के आदेश दिए जाने के बाद परिजन घर लौट गए।

मुजक्कीपुर गांव में 30 अगस्त को दीपक विश्वकर्मा की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई थी। परिजनों ने इसे हत्या का मामला बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की थी। कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाते हुए परिजन और ग्रामीण एक अक्टूबर से कलेक्ट्रेट परिसर में धरने पर बैठे थे।

परिजनों ने मृतक की पत्नी को 50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता और ग्राम समाज की भूमि का पट्टा दिए जाने की मांग की थी। उनका कहना था कि परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर है और सदस्य दैनिक मजदूरी कर जीवनयापन करते हैं। भूमि का पट्टा मिलने से परिवार को स्थायी आजीविका का सहारा मिल सकेगा।

परिजनों ने घटना की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल और मोबाइल रिकॉर्डिंग की जांच कराने तथा परिवार के सदस्यों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की थी। उन्होंने प्रशासन पर पूर्व में दिए गए ज्ञापन पर कार्रवाई नहीं करने का भी आरोप लगाया।

सीओ सिटी गोल्डी गुप्ता ने बताया कि परिजनों से बातचीत कर उन्हें समझाया गया। उनकी मांग के अनुसार मामले की विवेचना के लिए आदेश किया गया है। इसके बाद परिजनों ने धरना समाप्त कर दिया और अपने घर चले गए।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव