home page

बच्चों पर संकट का डर दिखाकर महिला से ठगी, गेंदा का फूल सुंघाने के बाद जेवर और नकदी लेकर फरार

 | 
बच्चों पर संकट का डर दिखाकर महिला से ठगी, गेंदा का फूल सुंघाने के बाद जेवर और नकदी लेकर फरार


कानपुर, 01 जून (हि.स.)। रावतपुर थाना क्षेत्र में अंधविश्वास का सहारा लेकर ठगी का एक मामला सामने आया है। बाइक सवार दो युवकों ने एक महिला को उसके बच्चों पर अनिष्ट आने का भय दिखाकर बातों में फंसा लिया और नकदी व कीमती सामान लेकर फरार हो गए। घटना के बाद पीड़िता ने पुलिस को सूचना दी, जिसके आधार पर जांच शुरू कर दी गई है।

सराय मसवानपुर निवासी किरण वर्मा घरेलू कामकाज कर परिवार का भरण-पोषण करती हैं। उनके पति संजय वर्मा निजी सुरक्षा गार्ड हैं। पीड़िता के अनुसार रविवार शाम वह काम से घर लौट रही थीं। रास्ते में बाइक पर आए दो युवकों ने उन्हें रोककर बातचीत शुरू की। इसी दौरान एक युवक ने उन्हें गेंदा का फूल सूंघने के लिए दिया। इसके बाद दोनों ने दावा किया कि उनके बच्चों पर बड़ा संकट मंडरा रहा है और तत्काल उपाय न करने पर गंभीर अनहोनी हो सकती है।

महिला बच्चों की सुरक्षा को लेकर घबरा गई और आरोपितों की बातों पर भरोसा कर बैठी। आरोप है कि दोनों युवकों ने कथित धार्मिक अनुष्ठान और संकट निवारण का झांसा देकर उनसे नकदी और अन्य कीमती सामान ले लिया। कुछ देर बाद जब महिला को ठगी का एहसास हुआ तो उसने शोर मचाया और आरोपितों का पीछा करने का प्रयास किया, लेकिन दोनों युवक बाइक से भाग निकले।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़िता से घटना की जानकारी ली। पुलिस ने आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जुटानी शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है ताकि आरोपितों की पहचान हो सके।

रावतपुर थाना प्रभारी कमलेश राय ने सोमवार को बताया कि मामले की जांच की जा रही है। संदिग्धों की तलाश के लिए विभिन्न स्थानों की सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही हैं। जल्द ही आरोपितों की पहचान कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप