हजारों बहनों का स्नेह मेरे लिए किसी भी सम्मान से बढ़कर : अजय कपूर
कानपुर, 29 अगस्त (हि.स.)। रक्षाबंधन केवल राखी बांधने का पर्व नहीं, बल्कि विश्वास, स्नेह, सम्मान और जीवनभर एक-दूसरे का साथ निभाने का संकल्प है। हजारों बहनें अपना स्नेह और आशीर्वाद लेकर मेरे पास आती हैं, यह मेरे लिए भावुक कर देने वाला क्षण है। मैं वचन देता हूं कि जिस तरह एक भाई अपनी बहन की खुशियों और सम्मान की रक्षा के लिए हमेशा खड़ा रहता है, उसी तरह मैं भी अपनी सभी बहनों के सुख-दुख में सदैव उनके साथ खड़ा रहूंगा। यह बातें शनिवार को बहन फाउंडेशन के बैनर तले आयोजित राखी महोत्सव में वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व विधायक अजय कपूर ने कहीं।
गोविंद नगर स्थित संजय गेस्ट हाउस में आयोजित राखी महोत्सव के पांचवें दिन करीब 1650 बहनों ने पहुंचकर अजय कपूर को राखी बांधी और उनके स्वस्थ, सुखी एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। सुबह से दोपहर तक चले कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना भी मौजूद रहे।
शाम को सिविल लाइंस स्थित मर्चेंट चैम्बर हाल में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा की महिला पदाधिकारियों, महिला उद्यमियों, अधिवक्ताओं, शिक्षिकाओं, चिकित्सकों और विभिन्न सामाजिक संस्थाओं से जुड़ी सैकड़ों बहनों ने अजय कपूर को रक्षा सूत्र बांधा। इस दौरान भाई-बहन के रिश्ते को लेकर भावनात्मक माहौल बना रहा।
कार्यक्रम में सांसद रमेश अवस्थी, भाजपा उत्तर जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित, भाजपा दक्षिण जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह और दादानगर कोआपरेटिव एस्टेट के चेयरमैन विजय कपूर ने भी शिरकत की। उन्होंने बहनों को रक्षाबंधन पर्व की शुभकामनाएं दीं। बॉलीवुड अभिनेत्री संगीता बिजलानी की मौजूदगी से भी कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र रहा।
अजय कपूर ने कहा कि बहनों के आशीर्वाद से उन्हें समाज के लिए और अधिक समर्पण एवं ऊर्जा के साथ काम करने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा कि बहनों का स्नेह उनके लिए विशेष महत्व रखता है। यह राखी उनके हाथ पर ही नहीं, बल्कि उनके दिल पर बंधी है और इसका रिश्ता जीवनभर कायम रहेगा। उन्होंने सभी बहनों का आभार जताया।
संगीता बिजलानी ने कहा कि रक्षाबंधन जैसे पर्व समाज में प्रेम, सम्मान और भाईचारे की भावना को मजबूत करते हैं। हजारों बहनों का एक साथ अजय कपूर को राखी बांधने के लिए पहुंचना भावुक और विशेष दृश्य है। उन्होंने कहा कि इतने बड़े स्तर पर बहनों के सम्मान और उनके स्नेह को समर्पित आयोजन सराहनीय है। अजय कपूर ने जिस आत्मीयता से बहनों का स्वागत किया और उनका आशीर्वाद लिया, वह उनके प्रति सम्मान को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि रिश्ते केवल खून से नहीं, बल्कि विश्वास और अपनत्व से भी बनते हैं। कार्यक्रम में अजय कपूर और बहनों के बीच ऐसा ही आत्मीय रिश्ता दिखाई दिया। उन्होंने सभी को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए पर्व के परिवारों में प्रेम, खुशियां और समृद्धि लाने की कामना की।
मर्चेंट चैम्बर हाल में देर शाम तक राखी महोत्सव को लेकर उत्साह बना रहा। कार्यक्रम में कमलावती सिंह, महिला आयोग की सदस्य पूनम द्विवेदी, पूनम कपूर, सरोज सिंह, वीएसएसडी कॉलेज की प्राचार्या नीरू टंडन, गीता टंडन, रीता शास्त्री और मनप्रीत समेत सैकड़ों बहनें मौजूद रहीं।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

