home page

पीयू में हुआ ‘खेलो इंडिया संवाद’, मंत्री गिरीश चंद्र यादव बाेले- ‘खेलोगे-कूदोगे बनोगे नवाब’

 | 
पीयू में हुआ ‘खेलो इंडिया संवाद’, मंत्री गिरीश चंद्र यादव बाेले- ‘खेलोगे-कूदोगे बनोगे नवाब’


पीयू में हुआ ‘खेलो इंडिया संवाद’, मंत्री गिरीश चंद्र यादव बाेले- ‘खेलोगे-कूदोगे बनोगे नवाब’


पीयू में हुआ ‘खेलो इंडिया संवाद’, मंत्री गिरीश चंद्र यादव बाेले- ‘खेलोगे-कूदोगे बनोगे नवाब’


जौनपुर, 27 अगस्त (हि.स.)। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के दिशा-निर्देशन में वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर गुरुवार को राष्ट्रीय सेवा योजना एवं मेरा युवा भारत , जौनपुर के संयुक्त तत्वावधान में ‘खेलो इंडिया संवाद-खेल की बात, पीएम के साथ’ कार्यक्रम आयोजित हुआ। आर्यभट्ट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में युवाओं ने खेल, फिटनेस और नशामुक्ति का संकल्प लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं पुष्पांजलि से हुआ। इसके बाद हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार के खेल एवं युवा कल्याण विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव और विशिष्ट अतिथि पूर्व विधायक सुरेंद्र प्रताप सिंह रहे। शासन द्वारा नामित एथलेटिक्स खिलाड़ी पूजा यादव भी मौजूद रहीं।कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘खेल की बात-पीएम के साथ’ संवाद का प्रसारण किया गया। प्रधानमंत्री ने युवाओं से खेलों को जीवन का हिस्सा बनाने और भारत को खेल महाशक्ति बनाने का आह्वान किया। उन्होंने ‘जो खेलेगा, वो खिलेगा’ का संदेश देते हुए खेलों को स्वस्थ जीवन, व्यक्तित्व विकास और राष्ट्र निर्माण से जोड़ने पर जोर दिया। साथ ही 2036 ओलंपिक के लिए प्रतिभाओं की पहचान और उन्हें बेहतर प्रशिक्षण देने की आवश्यकता बताई।

राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए लगातार अवसर उपलब्ध करा रही है। उन्होंने युवाओं से खेलों से जुड़ने और नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि अब सोच बदल चुकी है—‘खेलोगे-कूदोगे बनोगे खराब’ नहीं, बल्कि ‘खेलोगे-कूदोगे बनोगे नवाब’। उन्होंने युवाओं से में मेंरा भारत और विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग से जुड़ने का आह्वान किया। इस दौरान उन्होंने उपस्थित युवाओं को नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई।

एथलेटिक्स खिलाड़ी पूजा यादव को बुके, स्मृति चिह्न और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने अनुभव साझा करते हुए निरंतर अभ्यास, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ लक्ष्य की ओर बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम का संचालन सुमित सिंह ने किया। धन्यवाद ज्ञापन डॉ. शशिकांत यादव ने किया। इस अवसर पर कुलसचिव डॉ. विनोद कुमार सिंह सहित विश्वविद्यालय के शिक्षक, अधिकारी, खेल विभाग के अधिकारी, स्वयंसेवक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव