home page

डकैत ठोकिया के हमले में शहीद हुए छह एसटीएफ जवानों को पुलिस स्मृति दिवस पर दी श्रद्धांजलि

 | 
डकैत ठोकिया के हमले में शहीद हुए छह एसटीएफ जवानों को पुलिस स्मृति दिवस पर दी श्रद्धांजलि


बांदा, 21 अक्टूबर (हि.स.)। कर्तव्य की वेदी पर अपने प्राण न्योछावर करने वाले पुलिसकर्मियों की शहादत को याद करते हुए बुधवार को पुलिस स्मृति दिवस मनाया गया। पुलिस लाइन बांदा में आयोजित कार्यक्रम में चित्रकूटधाम परिक्षेत्र के डीआईजी राजेश एस. और पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल समेत पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों ने शहीदों को पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर चित्रकूट के बीहड़ों में डकैत ठोकिया के हमले में शहीद हुए एसटीएफ के छह जवानों की वीरता और बलिदान को विशेष रूप से याद किया गया।

22 जुलाई 2007 को डकैत अंबिका पटेल उर्फ ठोकिया के गिरोह ने बीहड़ में कॉम्बिंग के बाद लौट रहे एसटीएफ जवानों के वाहनों पर घात लगाकर हमला किया था। डकैतों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसाने के साथ विस्फोटक से वाहन को उड़ा दिया था। इस कायराना हमले में एसटीएफ के छह जवान राजेश चौहान, बृजेश यादव, लक्ष्मण शर्मा, गिरीश चंद्र नागर, उमाशंकर यादव और ईश्वर देव सिंह शहीद हो गए थे। उनके साथ मुखबिर रामकरन ने भी अपनी जान गंवाई थी। हमले के बाद डकैत गिरोह बीहड़ में भाग निकला था।

शहादत की इस घटना ने पुलिस महकमे को झकझोर दिया था। बुधवार को पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर इन वीर जवानों को याद कर उनके सर्वोच्च बलिदान के प्रति सम्मान व्यक्त किया गया। शहीद राजेश चौहान मैनपुरी, बृजेश यादव चंदौली, लक्ष्मण शर्मा अलीगढ़, गिरीश चंद्र नागर गाजियाबाद, उमाशंकर यादव गाजीपुर और ईश्वर देव सिंह गोंडा के निवासी थे। कर्तव्य पालन के दौरान इन जवानों की शहादत आज भी पुलिस बल के लिए साहस, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल है।

कार्यक्रम के दौरान डीआईजी राजेश एस. ने मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश सरकार और पुलिस महानिदेशक के संदेश से पुलिसकर्मियों को अवगत कराया। उन्होंने एक सितंबर 2025 से 31 अगस्त 2026 के बीच देशभर में कर्तव्य निर्वहन के दौरान शहीद हुए 154 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों का उल्लेख करते हुए उनकी वीरता और बलिदान को नमन किया। इस दौरान शहीद पुलिसकर्मियों के परिजनों को आमंत्रित कर सम्मानित भी किया गया।

बघेलाबारी स्थित शहीद स्मारक पर भी अर्पित किए पुष्पचक्र

पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर थाना फतेहगंज क्षेत्र के बघेलाबारी स्थित शहीद स्मारक पर भी श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज ने यहां कर्तव्य निर्वहन के दौरान प्राणों की आहुति देने वाले पुलिसकर्मियों को याद करते हुए पुष्पचक्र अर्पित किए।

----------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह