home page

डाउनलाइन पर थर्ड रेल चार्ज, नौबस्ता तक मेट्रो टेस्ट रन जल्द : सुशील कुमार

 | 
डाउनलाइन पर थर्ड रेल चार्ज, नौबस्ता तक मेट्रो टेस्ट रन जल्द : सुशील कुमार


कानपुर, 02 अप्रैल (हि.स.)। डाउनलाइन पर थर्ड रेल चार्ज होने के साथ ही कानपुर सेंट्रल से नौबस्ता तक मेट्रो विस्तार की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। कानपुर मेट्रो कॉरिडोर-1 के शेष हिस्से में निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है और ट्रैक निर्माण के बाद अब डाउनलाइन पर थर्ड रेल इंस्टॉलेशन भी पूरा कर लिया गया है, जिससे जल्द ही इस सेक्शन पर टेस्ट रन शुरू होने की प्रक्रिया आरंभ होगी। यह बातें गुरुवार को यूपीएमआरसी के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने कहीं।

कानपुर मेट्रो ने कॉरिडोर-1 के कानपुर सेंट्रल से नौबस्ता तक के शेष सेक्शन में एक अहम तकनीकी उपलब्धि हासिल करते हुए ‘डाउनलाइन’ पर थर्ड रेल इंस्टॉलेशन का कार्य पूरा कर लिया है। गुरुवार को इस डाउनलाइन पर थर्ड रेल को पहली बार चार्ज (ऊर्जीकृत) किया गया, जिसके बाद इस सिस्टम में करंट सप्लाई को निरंतर चालू माना जाएगा।

मेट्रो अधिकारियों के अनुसार, थर्ड रेल प्रणाली 750 वोल्ट डीसी पर आधारित होती है, जिसके जरिए ट्रेनों का संचालन किया जाता है। इस प्रणाली में पारंपरिक ओवरहेड इक्विपमेंट (ओएचई) की जगह ट्रैक के समानांतर बिछी रेल से बिजली आपूर्ति की जाती है। इससे मेंटेनेंस की आवश्यकता कम होती है और पतंगबाजी या अन्य बाहरी कारणों से बिजली आपूर्ति बाधित होने की संभावना भी घटती है। साथ ही, शहर के ऊपर तारों का जाल नहीं दिखता, जिससे शहरी सौंदर्य भी बेहतर बना रहता है।

अब डाउनलाइन पर थर्ड रेल चार्ज होने के बाद इस सेक्शन में जल्द ही मेट्रो ट्रेनों का टेस्ट रन शुरू किया जाएगा। टेस्ट रन के दौरान ट्रेनों को ऑटोमेटिक ट्रेन प्रोटेक्शन (एटीपी)) मोड में कम गति पर चलाकर ट्रैक, पावर सप्लाई, सिग्नलिंग और अन्य तकनीकी सिस्टम की कार्यक्षमता को परखा जाएगा।

गौरतलब है कि इसी सेक्शन के ‘अप-लाइन’ पर टेस्टिंग प्रक्रिया पहले ही शुरू हो चुकी है। वर्तमान में कॉरिडोर-1 के आईआईटी से कानपुर सेंट्रल तक लगभग 16 किलोमीटर हिस्से में मेट्रो सेवाएं संचालित हैं, जबकि शेष हिस्से को जोड़ने के बाद आईआईटी से नौबस्ता तक सीधी मेट्रो सेवा उपलब्ध हो सकेगी। इसके अलावा, कॉरिडोर-2 (सीएसए से बर्रा-8) का निर्माण कार्य भी तेज गति से जारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप