चलती ट्रेन में महिला यात्री का मोबाइल चोरी करने वाला शातिर गिरफ्तार, नकदी भी बरामद
कानपुर, 18 जुलाई (हि.स.)। जीआरपी कानपुर सेंट्रल ने चलती ट्रेनों में यात्रियों के मोबाइल और सामान चोरी करने वाले एक शातिर आरोपित को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से चोरी का एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 19 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं। बरामद मोबाइल की कीमत करीब 50 हजार रुपये आंकी गई है।
बीती 19 जून 2026 को ट्रेन संख्या 12512 राप्तीसागर एक्सप्रेस में यात्रा कर रही एक महिला के ट्रॉली बैग से मोबाइल चोरी हो गया था। इस संबंध में जीआरपी कानपुर सेंट्रल और थाना चकेरी में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक रेलवे प्रयागराज के निर्देशन में खुलासे के लिए विशेष टीम गठित की गई।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने करीब 100 किलोमीटर क्षेत्र की रूट मैपिंग की और 500 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का विश्लेषण किया। इसके आधार पर शनिवार तड़के करीब 2:57 बजे शताब्दी उद्यान मोड़, चकेरी के पास से आरोपित अनिल निवासी गांव खांडा खेड़ी, थाना नारनौंद, जिला हिसार (हरियाणा) को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से चोरी का मोबाइल और 19 हजार रुपये नकद बरामद हुए।
पूछताछ में आरोपित ने बताया कि वह अपने साथियों के साथ रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में यात्रियों को बातों में उलझाकर चोरी और लूट की वारदातों को अंजाम देता था। चोरी से मिले पैसों से वह नशा करता और अपने शौक पूरे करता था।
जीआरपी कानपुर सेंट्रल के प्रभारी निरीक्षक ओम नारायण सिंह ने शनिवार को बताया कि मामले के खुलासे में सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों ने अहम भूमिका निभाई। गिरफ्तार आरोपित के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही उसके अन्य साथियों की तलाश में जीआरपी, आरपीएफ और सीआईबी की संयुक्त टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। उन्होंने बताया कि इससे पहले भी इसी तरह सांसी गिरोह के एक सदस्य विक्रम सांसी को चोरी के मोबाइल के साथ गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

