हादसे में मारे गए लोगों के शवों को देख पूरे गांव में मचा कोहराम, बेहोश हो गई मां
बेटे और रिश्तेदारों के शव देख शादी वाले घर में मची चीख पुकार
हमीरपुर, 28 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में सड़क हादसे में चार लोगों की मौत से यहां डामर गांव में शादी वाले घर में मातम छा गया है। दूल्हे का भाई और अन्य रिश्तेदारों के शव आज शाम गांव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। दूल्हे की मां तो बेहोश भी हो गई। शाम को शवों का अंतिम संस्कार भी कर दिया गया।
उल्लेखनीय है कि कुरारा थाना क्षेत्र के डामर गांव से कबरई के समीप जा रही बारात में ईको वैन की टक्कर ट्रक से हो जाने पर चार बारातियों की मौके पर दर्दनाक मौत हो गईं। वहीं तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जिनको इलाज के लिए कानपुर रेफर किया गया है। शादी की रस्में सादगी से निपटा कर बारात वापस आ गई। मृतकों का पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया है। शादी वाले घर मातम छा गया है। कुरारा क्षेत्र के डामर गांव निवासी करन कुशवाहा के पुत्र रमाकांत की बारात 27 अप्रैल को महोबा जनपद के कबरई थाना क्षेत्र के पहरा गांव संतराम कुशवाहा के यहां गई थी। बारात में जा रही ईको वैन की टक्कर मौदहा थाना क्षेत्र के छिरका गांव के पास कबरई से गिट्टी लेकर हमीरपुर की तरफ आ रहे ट्रक से सीधी टक्कर हो गई। जिसमें ट्रक चालक ने ट्रक में फंसी वैन को सौ मीटर तक सड़क में घसीट दिया।
वैन में सवार चालक व मालिक कमलेश यादव उम्र 42 वर्ष पुत्र कालीचरण, दूल्हा का छोटा भाई शशिकांत उम्र 23 वर्ष पुत्र करन कुशवाहा, निवासी डामर तथा दूल्हा की मौसी का लड़का जितेंद्र उम्र 36 वर्ष पुत्र मैया दीन निवासी रिठारी तथा दूल्हा के बुआ का पुत्र मौदहा कोतवाली क्षेत्र के उर्दना गांव निवासी मोहन कुशवाहा उम्र 23 वर्ष पुत्र राम स्वरूप की मौके पर मौत हो गई। तथा डामर गांव निवासी दूल्हा के ताऊ का पुत्र कमलेश उर्फ बाबू जी उम्र 35 वर्ष तथा उर दना गांव निवासी दिलीप कुमार पुत्र गणेश तथा रोहित पुत्र राधेश्याम निवासी ग्राम तेंदुई थाना कोतवाली मौदहा को गंभीर हालत में पुलिस ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मौदहा से जिला अस्पताल रिफर किया जहां से तीनों घायलों को कानपुर रिफर किया गया है। जिसमें कमलेश उर्फ बाबू जी कुशवाहा को गंभीर हालत में लखनऊ रेफर किया गया है। जहां उसका उपचार चल रहा है। शादी की खुशियां क्षण भर में मातम में बदल गई। परिवारी जन में घटना की जानकारी होते ही कोहराम मच गया।
चारों मृतकों का पोस्टमार्टम कराकर उनके घर तक शवों को एंबुलेंस से भेजा गया है। पोस्टमार्टम हाउस में सदर विधायक ने जाकर दुखी परिजनों को सांत्वना दी। सपा नेता ज्ञान सिंह यादव भी पहुंचे। घटना पौने दस बजे की है। वहीं बारात में घटना की जानकारी मिलते ही न टीका हुआ न चढ़ाव, जयमाल कोई कार्यक्रम नहीं हुआ। सादगी में केवल भावर पड़ी तथा इसके बाद दूल्हा तथा बारात बिना विदा कराये घर वापस आ गया। घर में भी बारात जाने के बाद जो खुशी के कार्यक्रम महिलाएं करती है। वह भी नहीं हुए। दूल्हा की मां सावित्री घटना की जानकारी होते ही बेहोश हो गई। इस घटना से गांव में शोक का माहौल बना हुआ है। एक साथ चार मौत से सभी लोग परेशान हो गए। शोक के माहौल में अंतिम संस्कार किया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

