मंदिरों में श्रद्धालुओं काे न हाे किसी प्रकार की असुविधा : जिलाधिकारी
कानपुर, 11 अक्टूबर (हि.स.)। नवरात्र के दौरान देवी मंदिरों में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाए। साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, भीड़ नियंत्रण और चिकित्सा सुविधाओं में किसी तरह की लापरवाही न हो। यह निर्देश जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने रविवार को प्रमुख देवी मंदिरों का निरीक्षण करने के दौरान दिए।
जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन और नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने बिरहाना रोड स्थित तपेश्वरी मंदिर और बारादेवी मंदिर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन तथा श्रद्धालुओं की सुविधाओं का निरीक्षण किया।
जिलाधिकारी ने नगर आयुक्त को प्रमुख देवी मंदिरों में पर्याप्त सफाई कर्मियों की तैनाती करने और नियमित निगरानी के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मंदिर परिसर और आसपास पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था रखी जाए, ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो।
उन्होंने मंदिरों में सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से जरूरी सूचनाएं प्रसारित करने के निर्देश दिए। साथ ही सीसीटीवी कैमरों को सक्रिय रखते हुए नियंत्रण कक्ष से भीड़ की लगातार निगरानी करने को कहा। भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए नागरिक सुरक्षा के वार्डनों की तैनाती के निर्देश भी दिए।
श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी ने मंदिरों में चिकित्सा शिविर लगाने और वहां प्राथमिक उपचार समेत जरूरी स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने को कहा। इससे जरूरत पड़ने पर श्रद्धालुओं को तत्काल चिकित्सा सहायता मिल सकेगी।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को नवरात्र के दौरान सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने और नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी समस्या का त्वरित समाधान किया जाए, जिससे श्रद्धालु शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में मां के दर्शन कर सकें।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

