पेट्रोलियम पदार्थों की कालाबाजारी व जमाखोरी पर नजर रखें अधिकारी : गुड्डू सैनी
गुड्डू सैनी बोले, अफवाह पर ध्यान न दें, मंडल में पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की किल्लत नहीं
मुरादाबाद, 15 मार्च (हि.स.)। शिवसेना शिंदे गुट मुरादाबाद मंडल के मंडल प्रमुख गुड्डू सैनी ने रविवार को हरथला स्थित कार्यालय पर प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए कहा कि पश्चिम एशिया में छिड़े महासंग्राम के बाद मुरादाबाद मंडल में पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की जमाखोरी न हो इसके लिए मुरादाबाद मंडल के अधिकारी पैनी नजर रखें। मंडल के पांचों जनपद मुरादाबाद, अमरोहा, संभल, बिजनौर, रामपुर में यदि कोई भी व्यक्ति या डीलर जमाखोरी करते हुए मिले तो उसके खिलाफ कड़़ी कानूनी कार्रवाई हो।
मंडल प्रमुख गुड्डू सैनी ने आगे कहा कि इसके साथ ही मंडल का पुलिस प्रशासन सोशल मीडिया की भी निगरानी रखे। जिससे इंटरनेट मीडिया पर यदि कोई भी व्यक्ति अफवाह फैलाए तो उस पर भी तुरंत कार्रवाई की जाए।
मंडल प्रमुख गुड्डू सैनी ने लोगों से अपील की है कि वह किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें, मंडल में पेट्रोल , डीजल और रसोई गैस की किल्लत नही है। सामान्य तरीके से आपूर्ति की जा रही है। गैस की अवैध तरीके से रिफिलिंग करने, कालाबाजारी करने और खुले में पेट्रोल व डीजल की बिक्री पर सख्ती के साथ रोक लगाई गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

