home page

युवा पीढ़ी के हाथों में है देश का वास्तविक भविष्य : महेश पाठक

 | 
युवा पीढ़ी के हाथों में है देश का वास्तविक भविष्य : महेश पाठक


एनएसयूआई का प्रारंभ 26: नई पीढ़ी नई सोच छात्र संवादमथुरा के पांचजन्य प्रेक्षागृह में युवाओं का भव्य समागम

मथुरा, 15 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन के तत्वावधान में गुरुवार दोपहर डेंपियर नगर स्थित पांचजन्य प्रेक्षागृह में प्रारंभ 26: नई पीढ़ी नई सोच छात्र संवाद कार्यक्रम का सफल आयोजन संपन्न हुआ। वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं उद्योगपति राजन पाठक के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में जनपद भर से सैकड़ों छात्र-छात्राओं और युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे वरिष्ठ उद्योगपति एवं कांग्रेस नेता महेश पाठक ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि देश का वास्तविक भविष्य युवा पीढ़ी के हाथों में है। जब युवा सकारात्मक सोच और नवाचार के साथ आगे बढ़ते हैं, तभी समाज और राष्ट्र का सर्वांगीण विकास संभव होता है। उन्होंने शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक जिम्मेदारियों में भी अग्रणी भूमिका निभाने की प्रेरणा दी।

दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डीयूएसयू) की पूर्व सचिव एवं एनएसयूआई की पूर्व महासचिव करिश्मा ठाकुर ने लोकतांत्रिक व्यवस्था और छात्र राजनीति में युवाओं की सक्रिय भागीदारी पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि छात्र शक्ति को अपने अधिकारों, बेहतर शिक्षा व्यवस्था और रोजगार के लिए संगठित होकर मुखर होना होगा। मध्य प्रदेश के पूर्व विधायक एवं वरिष्ठ छात्र नेता कुणाल चौधरी ने युवाओं में वैचारिक स्पष्टता और सामाजिक चेतना का आह्वान करते हुए कहा कि युवा शक्ति ही देश की दिशा और दशा तय करती है। जिला कांग्रेस कमेटी मथुरा के अध्यक्ष मुकेश धनगर ने कहा कि संगठन युवाओं के संघर्ष, रोजगार और शिक्षा के अधिकारों के लिए हमेशा उनके साथ मजबूती से खड़ा है।

कार्यक्रम नेतृत्वकर्ता राजन पाठक ने कहा कि प्रारंभ 26 का मुख्य उद्देश्य मथुरा के छात्रों और नौजवानों को एक ऐसा सशक्त मंच देना है, जहां वे अपनी समस्याओं, करियर की चुनौतियों और नवाचारी विचारों को बेबाकी से रख सकें। उन्होंने युवाओं के हक और आवाज को हर स्तर पर पूरी ताकत से उठाने का विश्वास दिलाया।

कार्यक्रम के दौरान खुला संवाद सत्र आयोजित किया गया, जिसमें छात्रों ने उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं, लाइब्रेरी सुविधाओं और रोजगार के अवसरों से जुड़े सीधे सवाल पूछे। वक्ताओं ने छात्रों की जिज्ञासाओं का समाधान किया और उन्हें अपने लक्ष्यों के प्रति केंद्रित रहने के लिए प्रेरित किया।

इस आयोजन की मुख्य सहभागिता में एनएसयूआई मथुरा के जिलाध्यक्ष हर्ष चौरसिया, पूर्व जिलाध्यक्ष हरीश पचौरी, तथा युवा कांग्रेस एवं एनएसयूआई के पूर्व जिलाध्यक्ष प्रवीण ठाकुर ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए छात्र शक्ति को एकजुट करने का संकल्प दोहराया।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार