home page

नवीन गल्ला मंडी में संचालित गेहूं खरीद केंद्रों की अनियमितताओं को लेकर भाकियू के प्रदेश अध्यक्ष भड़के

 | 
नवीन गल्ला मंडी में संचालित गेहूं खरीद केंद्रों की अनियमितताओं को लेकर भाकियू के प्रदेश अध्यक्ष भड़के


गेहूं खरीद केन्द्रों में किसानों से अवैध वसूली करने के लगाए आरोप

हमीरपुर, 13 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के मुस्करा कस्बा की नवीन गल्ला मंडी में संचालित गेहूं खरीद केंद्रों की अव्यवस्थाओं और अनियमितताओं को लेकर सोमवार को किसान यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष हरिनाम सिंह वर्मा भड़क उठे। उन्होंने मौके पर पहुंचकर मंडी सचिव व केंद्र प्रभारियों को जमकर फटकार लगाई।

बताया जाता है कि मंडी में आरएफसी, एफसीआई व नेफ्ट के खरीद केंद्र संचालित हैं, लेकिन केवल एफसीआई केंद्र पर ही वारदाना उपलब्ध है। अन्य केंद्र वारदाना के अभाव में बंद पड़े हैं। रविवार को इस समस्या को प्रमुखता से उठाए जाने के बाद किसान यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष व जिला अध्यक्ष किसानों के साथ मंडी पहुंचे और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान नीलामी चबूतरों और खरीद केंद्रों पर भारी अव्यवस्था मिली। पीने के पानी तक की व्यवस्था नहीं थी। इस पर प्रदेश अध्यक्ष ने अधिकारियों को मौके पर बुलाया। सूचना पर डिप्टी डीआरएमओ घनश्याम वर्मा, तहसीलदार शिखर मिश्रा, नायब तहसीलदार सत्यप्रकाश वर्मा व मंडी सचिव राघवेंद्र चतुर्वेदी मौके पर पहुंचे। प्रदेश अध्यक्ष ने खरीद केंद्रों पर धांधली और किसानों से प्रति कुंतल 185 रुपये कमीशन वसूली के आरोपों पर अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई।

किसानों ने आरोप लगाया कि बिना कमीशन दिए उनका गेहूं नहीं खरीदा जा रहा है और नंबर लगाने में भी पारदर्शिता नहीं है। मंडी परिसर में नीलामी चबूतरों पर अज्ञात व्यापारियों का भारी मात्रा में गेहूं रखा मिला। जांच में दोनों चबूतरों पर कुल 11015 बोरी (करीब 5507 कुंतल) गेहूं पाया गया। मंडी सचिव ने बताया कि यह माल अज्ञात व्यापारियों द्वारा रखा गया था, जिसे तहसीलदार की मौजूदगी में जब्त कर लिया गया और विधिक कार्रवाई के तहत सीज किया गया। प्रदेश अध्यक्ष ने साफ कहा कि जब तक चबूतरों पर रखा माल लिखित कार्रवाई के साथ जब्त नहीं होगा, तब तक वह वहां से नहीं हटेंगे। उनके निर्देश पर मौके पर ही माल का आंकलन कर कार्रवाई की गई।

प्रदेश अध्यक्ष के पहुंचते ही मंडी में सक्रिय बिचौलिये और दलाल गायब हो गए। किसानों ने आरोप लगाया कि दलालों के जरिए ही खरीद की जा रही है। इस पर प्रदेश अध्यक्ष ने संबंधित अधिकारियों को दलालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए। डिप्टी डीआरएमओ ने तत्काल कार्रवाई का आश्वासन दिया है। मंडी सचिव राघवेंद्र चतुर्वेदी ने कहा कि चबूतरों पर रखे माल की पूर्व में जानकारी नहीं थी, जानकारी मिलने पर उसे जब्त कर लिया गया है। वहीं तहसीलदार शिखर मिश्रा ने बताया कि पूरे मामले में नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा