सोमनाथ मंदिर का पुनरुद्धार भारतीय सांस्कृतिक शक्ति और आत्मसम्मान का प्रतीक है : डॉ आर के पटेल
जौनपुर, 19 अप्रैल (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में शासन के निर्देश पर सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के अवसर पर कलेक्ट्रेट स्थित प्रेक्षागृह में रविवार को भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मड़ियाहूं विधायक डॉ. आर.के. पटेल, जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति, जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र सहित कई अधिकारी, जनप्रतिनिधि और आमजन उपस्थित रहे। साथ ही जनपद के प्रमुख मंदिरों के महंतों की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन को विशेष बना दिया।कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस दौरान जिलाधिकारी ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह देकर स्वागत किया। आयोजन में सोमनाथ मंदिर पर हुए ऐतिहासिक आक्रमण के 1000 वर्ष पूर्ण होने और पुनरुद्धार के 75 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में भगवान भगवान शिव की भव्य प्रतिमा प्रदर्शित की गई, जिस पर अतिथियों ने पुष्प अर्पित कर पूजन किया। साथ ही सोमनाथ मंदिर के छायाचित्र का फीता काटकर उद्घाटन भी किया गया।कार्यक्रम में बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के छात्र-छात्राओं और स्थानीय कलाकारों ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। राधा-कृष्ण की झांकी, शिव तांडव नृत्य और भक्ति गीतों ने पूरे प्रेक्षागृह को भक्तिमय बना दिया, जिसे उपस्थित दर्शकों ने खूब सराहा।इस अवसर पर लखनऊ से आयोजित मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी देखा गया। विधायक डॉ. आर.के. पटेल ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि सोमनाथ मंदिर का पुनरुद्धार भारतीय सांस्कृतिक शक्ति और आत्मसम्मान का प्रतीक है। वहीं जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने कहा कि सोमनाथ मंदिर, जो प्रथम ज्योतिर्लिंग के रूप में प्रतिष्ठित है, हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का अद्वितीय उदाहरण है, जिसकी रक्षा करना हम सभी का दायित्व है।कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागी छात्र-छात्राओं और कलाकारों को सम्मानित किया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

