पार्क बना बच्चों की पहली पसंद, झूलों और खेल उपकरणों से बढ़ी रौनक
हमीरपुर, 11 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के कुरारा विकास खंड परिसर में क्षेत्र पंचायत द्वारा कराए गए पार्क के सुंदरीकरण एवं आधुनिकीकरण के बाद यह बच्चों और अभिभावकों के लिए आकर्षण का केंद्र बन गया है। पार्क में बच्चों के लिए विभिन्न खेल उपकरण एवं झूले स्थापित किए गए हैं, जिससे सुबह और शाम यहां बच्चों की अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिल रही है।
बताया जाता है कि विकास खंड परिसर में स्थित यह पार्क लंबे समय से उपेक्षित पड़ा हुआ था। ब्लॉक प्रमुख आशीष पालीवाल की पहल पर पार्क का सुंदरीकरण कराया गया तथा बच्चों के मनोरंजन के लिए आधुनिक खेल उपकरण लगाए गए। पार्क के नवीनीकरण के बाद क्षेत्र के बच्चों में खासा उत्साह देखा जा रहा है और वे प्रतिदिन यहां पहुंचकर खेल गतिविधियों का आनंद ले रहे हैं। कस्बे में बच्चों के लिए किसी सार्वजनिक मनोरंजन स्थल की कमी महसूस की जा रही थी। ऐसे में इस पार्क के विकसित हो जाने से अभिभावकों को भी बच्चों के साथ समय बिताने के लिए एक सुरक्षित और सुविधाजनक स्थान मिल गया है। पार्क के समीप निर्मित दूसरे पार्क में भी स्थानीय लोग सुबह-शाम बैठकर समय व्यतीत कर रहे हैं।
ब्लॉक प्रमुख आशीष पालीवाल ने शनिवार काे बताया कि पार्क की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। साथ ही पार्क के चारों ओर पैदल चलने के लिए पाथवे का निर्माण कराया गया है, जिससे लोग मॉर्निंग वॉक और सैर का आनंद ले सकेंगे। उन्होंने बताया कि जल्द ही पार्क में हरी घास भी लगाई जाएगी, जिससे इसकी सुंदरता और बढ़ेगी। पार्क में उपलब्ध सुविधाओं और बच्चों के लिए लगाए गए झूलों एवं खेल उपकरणों के कारण क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सार्वजनिक स्थल पर ऐसी सुविधाएं मिलने से बच्चों को स्वस्थ मनोरंजन का अवसर मिल रहा है और परिवारों को एक बेहतर सामुदायिक वातावरण उपलब्ध हुआ है।
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

