एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत सांसद ने किया पाैधराेपण
देवरिया, 06 जून (हि.स.)। केंद्र सरकार द्वारा संचालित एक पेड़ मां के नाम अभियान के अंतर्गत देवरिया लोकसभा क्षेत्र के सांसद शशांक मणि ने शनिवार को बैतालपुर नगर पंचायत क्षेत्र के बरपार में पाैधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर उन्होंने लोगों से अपनी मां के सम्मान में एक-एक पौधा लगाने तथा उसके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में सांसद शशांक मणि ने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण को संतुलित रखने का माध्यम ही नहीं हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और सुरक्षित भविष्य की आधारशिला भी हैं। उन्होंने कहा कि एक पेड़ मां के नाम अभियान मातृत्व सम्मान और प्रकृति संरक्षण का अद्भुत संगम है। प्रत्येक व्यक्ति यदि अपनी मां के नाम एक पौधा लगाए और उसकी देखभाल करे, तो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा योगदान दिया जा सकता है।
वृक्षारोपण कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। उपस्थित लोगों ने भी पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण की शपथ ली। सांसद ने पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण पर विशेष बल देते हुए कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें वृक्ष बनने तक संरक्षित रखना भी सभी की जिम्मेदारी है।
सभी ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में पूर्व सदस्यता अभियान के प्रभारी आनंद शाही, किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष पवन मिश्रा जिला मीडिया प्रभारी प्रभाकर तिवारी, सुधीर श्रीवास्तव, केशव राय शर्मा, प्रिंस चतुर्वेदी, सहित अन्य भाजपा कार्यकर्ता, सामाजिक कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

