home page

20 अक्टूबर को होगी महाराज दशानन (रावण) की महाआरती, पुतला दहन का किया जाएगा विरोध

 | 
20 अक्टूबर को होगी महाराज दशानन (रावण) की महाआरती, पुतला दहन का किया जाएगा विरोध


मथुरा, 18 अक्टूबर (हि.स.)। विजय दशमी के पावन पर्व पर इस वर्ष मथुरा में एक अनूठा आयोजन होने जा रहा है। यमुनापार स्थित जय श्री लंकेश्वर महादेव मंदिर पर त्रिकालदर्शी महाराज दशानन की महा आरती का आयोजन किया जाएगा, साथ ही महा पंडित रावण के पुतला दहन का पुरजोर विरोध किया जाएगा।

रविवार शाम लंकेश भक्त मंडल के अध्यक्ष ओमवीर सारस्वत (एडवोकेट) ने जानकारी देते हुए बताया कि विजय दशमी के अवसर पर मंगलवार को सुबह 10 बजे यमुनापार स्थित जय श्री लंकेश्वर महादेव मंदिर (निकट श्मशान घाट, यमुना तलहटी) में भगवान भोलेनाथ के अनन्य भक्त और भगवान श्रीराम के आचार्य महा पंडित रावण की महा आरती संपन्न होगी। आयोजकों का कहना है कि समाज के कुछ लोगों द्वारा हर वर्ष पुतला जलाकर ब्राह्मणों का अपमान किया जाता है। रावण का पुतला दहन करने वाले व्यक्तियों पर सवाल उठाते हुए कहा गया कि आज के समय में जो लोग अपने माता-पिता और धर्मपत्नी का सम्मान नहीं करते, वे ऐसा करके अधर्म के भागीदार बन रहे हैं। आयोजन के तहत मंगलवार को सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक संगीत मंडली द्वारा महामंत्र हरे राम हरे राम, राम राम हरे हरे, हरे कृष्ण हरे कृष्ण, कृष्ण कृष्ण हरे हरे का लगातार जाप किया जाएगा। लंकेश भक्त मंडल द्वारा क्षेत्र के अधिक से अधिक लोगों से इस कार्यक्रम में सम्मिलित होने की अपील की गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार