home page

सरकार श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम दर्शन को दे रही है सर्वोच्च प्राथमिकता : डा. पंकज कुमार वर्मा

 | 
सरकार श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम दर्शन को दे रही है सर्वोच्च प्राथमिकता : डा. पंकज कुमार वर्मा


श्री बांके बिहारी मंदिर कॉरिडोर: जनसुविधाओं के लिए जमीन अधिग्रहण ने पकड़ी रफ्तार, एक और रजिस्ट्री

मथुरा, 08 मई (हि.स.)। वृन्दावन स्थित विश्व प्रसिद्ध ठाकुर श्रीबांके बिहारी जी मंदिर के आसपास श्रद्धालुओं की सुविधाओं के विकास और कॉरिडोर निर्माण की दिशा में जिला प्रशासन को एक और बड़ी सफलता मिली है। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) डॉ. पंकज कुमार वर्मा की उपस्थिति में शुक्रवार जनसुविधाओं के विकास हेतु एक और महत्वपूर्ण रजिस्ट्री संपन्न हुई। उन्होंने कहा सरकार और मंदिर प्रबंधन कमेटी श्रद्धालुओं की सुरक्षा और ‘सुगम दर्शन’ को सर्वाेच्च प्राथमिकता दे रही है, ताकि ब्रज क्षेत्र का धार्मिक और सांस्कृतिक गौरव विश्व पटल पर और अधिक सुदृढ़ हो सके।

रविंद्र कुमार हाडा, नारायण हाडा और मंजू हाडा ने अपनी भूमि ठाकुर श्री बांके बिहारी जी के नाम तहसीलदार सदर के माध्यम से पंजीकृत कराई। प्रशासनिक अधिकारियों के मुताबिक, अब तक कुल 14 बैनामों के जरिए 1386.82 वर्ग मीटर भूमि की रजिस्ट्री हो चुकी है। इसे बांके बिहारी कॉरिडोर परियोजना के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) पंकज वर्मा ने बताया कि प्रशासन मंदिर क्षेत्र के आसपास स्थित मकानों और दुकानों के मालिकों से लगातार संपर्क में है। इसका उद्देश्य आपसी सहमति से भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया को आगे बढ़ाना है। उन्होंने यह भी कहा कि शुरुआत में परियोजना का स्थानीय स्तर पर विरोध हुआ था, लेकिन अब लोग कॉरिडोर की आवश्यकता और महत्व को समझने लगे हैं। वर्मा ने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या के कारण मंदिर क्षेत्र में बेहतर यातायात, सुरक्षा, सुविधाएं और सुगम दर्शन व्यवस्था के लिए कॉरिडोर परियोजना अत्यंत आवश्यक है। इसी वजह से अब स्थानीय लोग भी स्वेच्छा से अपनी भूमि की रजिस्ट्री कराने के लिए आगे आ रहे हैं। सदर तहसीलदार अमित त्रिपाठी की देखरेख में यह रजिस्ट्री संपन्न हुई। प्रशासन ने इसे कॉरिडोर परियोजना की प्रगति की दिशा में एक और सकारात्मक कदम बताया है।

इस पूरी परियोजना की निगरानी एक उच्च स्तरीय समिति कर रही है, जिसके अध्यक्ष न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) अशोक कुमार हैं। समिति में जिला मजिस्ट्रेट चन्द्र प्रकाश सिंह, एसएसपी श्लोक कुमार, नगर आयुक्त जग प्रवेश सहित गोस्वामी समाज के प्रतिनिधि ( शैलेन्द्र गोस्वामी, वर्धन गोस्वामी, दिनेश कुमार गोस्वामी एवं विजय कृष्ण गोस्वामी) शामिल हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार