home page

आकाशीय बिजली से मृत किसान के परिजनों को मिली चार लाख की सहायता राशि

 | 
आकाशीय बिजली से मृत किसान के परिजनों को मिली चार लाख की सहायता राशि


देवरिया, 16 मई (हि.स.)। देवरिया जनपद के पथरदेवा विधानसभा क्षेत्र स्थित नेरूआरी गांव में आकाशीय बिजली गिरने से मृत हुए रामनाथ प्रसाद के परिवार को प्रदेश सरकार की ओर से आर्थिक सहायता प्रदान की गई। सूर्य प्रताप शाही स्वयं गांव शनिवार को पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की। इस दौरान उन्होंने मृतक के परिजनों को चार लाख रुपये की सहायता राशि का चेक सौंपा।

बताया जा रहा है कि बुधवार शाम अचानक मौसम खराब होने के दौरान तेज बारिश और गरज-चमक के बीच आकाशीय बिजली गिरने से रामनाथ प्रसाद की मौके पर ही मौत हो गई थी। सूचना मिलने पर प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की थी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर आपदा राहत नीति के तहत मृतक के पुत्र दुर्गेश प्रसाद को चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई। कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने सहायता राशि का चेक सौंपते हुए कहा कि प्रदेश सरकार हर संकट की घड़ी में जनता के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा से प्रभावित परिवारों तक त्वरित राहत पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

उन्होंने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि सरकार पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराएगी। मंत्री ने ग्रामीणों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील भी की। इस अवसर पर सीमा पाण्डेय, नायब तहसीलदार गंगा राम, ब्लॉक प्रमुख सुब्रत शाही, चेयरमैन क्रांति सिंह, मंडल अध्यक्ष हरीश शाही, ग्राम प्रधान रवि प्रताप सिंह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम में भीम यादव, पीयूष उर्फ रामू सिंह, विवेक राय, प्रवीण सिंह, उग्रसेन प्रसाद, अनोखे लाल भारती, दयाशंकर सिंह, बृजेश सिंह, अमिताभ प्रसाद, शिवनाथ, अनिल आजाद और विनोद सिंह समेत कई लोग मौजूद रहे। ग्रामीणों ने सरकार द्वारा त्वरित सहायता उपलब्ध कराने पर आभार व्यक्त किया।

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक