एमबीबीएस छात्रों ने 'नवाचारी शिक्षण विधियों' से दिखाया विज्ञान का जादू
गोरखपुर, 21 मार्च (हि.स.)। महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय गोरखपुर (एमजीयूजी) में संचालित श्री गोरखनाथ मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर के बायोकेमिस्ट्री विभाग की तरफ से शनिवार को एक विशेष शैक्षणिक गतिविधि का आयोजन किया गया। इसमें एमबीबीएस छात्रों ने वैज्ञानिक अभिव्यक्ति को बढ़ावा देने के लिए 'नवाचारी शिक्षण विधियों' से विज्ञान का जादू दिखाया।
कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने पोस्टर, मॉडल और रंगोली के माध्यम से बायोकेमिस्ट्री के कठिन सिद्धांतों को बेहद खूबसूरती से प्रस्तुत किया।
विभागाध्यक्ष और वरिष्ठ संकाय सदस्यों ने छात्रों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की गतिविधियां रटने की परम्परा को तोड़ती हैं और भविष्य के डॉक्टरों में नवीन सोच विकसित करती हैं।
पोस्टर, मॉडल एवं रंगोली में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार देकर प्रतिभा का सम्मान किया गया। विजेताओं की घोषणा डॉ अनुपमा ओझा, डॉ ओंकार तिवारी एवं डॉ. रश्मि जैसवाल ने किया।
निर्णायक मंडल में डॉ. वर्षा मोगाची, डॉ. चंद्रशेखर मूर्ति, डॉ. रोहित अलानी, डॉ. राजेश दासराजू, डॉ. गीता गुप्ता डॉ. रामप्रभा, डॉ. चंदन, डॉ. विद्या सागर एवं डॉ. राजीव सक्सेना शामिल रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विभागाध्यक्ष डॉ. तेजस्विनी मुपल्ला ने किया। यह पहल एमबीबीएस प्रथम बैच के छात्रों के बीच रचनात्मक वैज्ञानिक अभिव्यक्ति को प्रोत्साहित करने के लिए डिज़ाइन की गई थी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

