मिशन शक्ति : जागरूकता रैली को मुख्यमंत्री ने दिखाई हरी झंडी
गोरखपुर, 12 अक्टूबर (हि.स.)। महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के मंत्र को साकार करने के लिए प्रदेश सरकार के बहुआयामी अभियान ‘मिशन शक्ति’ को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को और आगे बढ़ाया। शारदीय नवरात्र की द्वितीया तिथि पर जगज्जननी मां आदिशक्ति के दूसरे स्वरूप माता ब्रह्मचारिणी के प्रति आस्था निवेदित करते हुए मुख्यमंत्री ने गोरखपुर में ‘मिशन शक्ति : जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
योगिराज बाबा गभीरनाथ प्रेक्षागृह में किसानों को डीबीटी के माध्यम से फसल क्षतिपूर्ति के एवज में कृषि निवेश अनुदान राशि अंतरित करने से पूर्व सीएम योगी ने प्रेक्षागृह परिसर से मिशन शक्ति के छठवें चरण के अंतर्गत जागरूकता रैली का शुभारंभ किया। इस रैली में 500 दोपहिया वाहन शामिल रहे। जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना करने के बाद एक सोशल मीडिया पोस्ट में मुख्यमंत्री ने कहा, ‘डबल इंजन सरकार मातृशक्ति की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन सुनिश्चित करने के लिए पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। नारी सशक्तीकरण ही सुरक्षित, समृद्ध एवं विकसित उत्तर प्रदेश की आधारशिला है।
जागरूकता रैली शुभारंभ अवसर पर प्रदेश सरकार के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, सांसद रविकिशन शुक्ल, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, विधायक फतेह बहादुर सिंह, श्रीराम चौहान, विपिन सिंह, महेंद्रपाल सिंह, डॉ. विमलेश पासवान, प्रदीप शुक्ल, एमएलसी डॉ. धर्मेंद्र सिंह, सरवन निषाद, राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारू चौधरी सहित प्रशासन एवं पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

