home page

जिलाधिकारी के निर्देश पर एसडीएम ने अवैध खनन में लगे दो ट्रैक्टर ट्राली पकड़ी

 | 
जिलाधिकारी के निर्देश पर एसडीएम ने अवैध खनन में लगे दो ट्रैक्टर ट्राली पकड़ी


देवरिया, 28 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी के सख्त निर्देशों के बाद प्रशासन ने अवैध खनन के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। उपजिलाधिकारी रुद्रपुर अवधेश निगम के नेतृत्व में गुरुवार को क्षेत्र में छापेमारी अभियान चलाया गया, जिसमें अवैध मिट्टी खनन कर ले जा रहे दो ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़कर कार्रवाई की गई।

एसडीएम अवधेश निगम एवं क्षेत्राधिकारी सत्येंद्र राय ने संयुक्त रूप से रुद्रपुर क्षेत्र के भभौली गांव में अवैध खनन की रोकथाम के लिए अभियान चलाया। जांच के दौरान मिट्टी लदी दो ट्रैक्टर-ट्रॉली संदिग्ध अवस्था में पकड़ लिए गए। प्रशासनिक टीम को देखते ही दोनों वाहनों के चालक मौके से फरार हो गए। अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों वाहनों को थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया तथा उन्हें सीज करने का निर्देश दिया।

प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध खनन में लगे लोगों में हड़कंप मच गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से बिना अनुमति मिट्टी खनन का कार्य चल रहा था, जिससे सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंच रहा था। प्रशासन की सक्रियता के बाद अब अवैध खनन करने वालों में भय का माहौल है।

एसडीएम अवधेश निगम ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर पूरे क्षेत्र में लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बिना अनुमति मिट्टी खनन एवं परिवहन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। किसी भी स्थिति में अवैध खनन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने लोगों से भी अपील की कि यदि कहीं अवैध खनन की जानकारी मिले तो तत्काल प्रशासन को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक