थाना समाधान दिवस में डीएम-एसपी ने सुनीं जन शिकायतें
देवरिया, 11 जुलाई (हि.स.)। जनपद के रुद्रपुर थाना में शनिवार काे आयोजित थाना समाधान दिवस में जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी एवं पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने फरियादियों की शिकायतें सुनीं। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने एक-एक प्रकरण की गंभीरता से समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का त्वरित, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
थाना समाधान दिवस में बड़ी संख्या में पहुंचे फरियादियों ने भूमि विवाद, कब्जा, रास्ता, राजस्व एवं पुलिस से जुड़े विभिन्न मामलों की शिकायतें अधिकारियों के समक्ष रखीं। जिलाधिकारी ने प्रत्येक प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों का निस्तारण निर्धारित समय सीमा के भीतर किया जाए और शिकायतकर्ता को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने कहा कि थाना समाधान दिवस का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर प्रभावी समाधान करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिन मामलों में राजस्व एवं पुलिस विभाग दोनों की भूमिका आवश्यक हो, उनमें संयुक्त टीम गठित कर मौके पर जाकर जांच की जाए तथा तथ्यों के आधार पर निष्पक्ष कार्रवाई करते हुए समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे विवाद यदि समय रहते नहीं सुलझाए गए तो भविष्य में बड़े विवाद का रूप ले सकते हैं। इसलिए प्रत्येक शिकायत का संवेदनशीलता, पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ निस्तारण किया जाए। लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर समाप्त किया जाए।
पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों की सुनवाई करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। यह सुनिश्चित किया जाए कि शिकायतकर्ता अपने मामले के समाधान से संतुष्ट हो। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को कानून-व्यवस्था बनाए रखते हुए जनसुनवाई को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश भी दिए।
--------------------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

