सीडीओ ने पेयजल परियोजना, राजकीय नलकूप और विद्यालय का किया निरीक्षण
देवरिया, 18 जुलाई (हि.स.)। मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह ने शनिवार को विकासखंड रुद्रपुर क्षेत्र में संचालित विभिन्न विकास परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पेयजल योजना, राजकीय नलकूप तथा राजकीय हाई स्कूल की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को गुणवत्ता और प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण की शुरुआत ग्राम सभा गोनहा सुरतपुरा में संचालित हर घर जल योजना से हुई। अधिकारियों ने बताया कि योजना के अंतर्गत एक नलकूप तथा 125 किलोलीटर क्षमता की पानी की टंकी का निर्माण कराया गया है। यह पूरी परियोजना सौर ऊर्जा आधारित है। योजना के तहत गांव में 4.3 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन बिछाई गई है, जिससे 280 घरों तक शुद्ध पेयजल की आपूर्ति की जा रही है। मुख्य विकास अधिकारी ने योजना के संचालन और रखरखाव की जानकारी लेते हुए नियमित निगरानी के निर्देश दिए।
इसके बाद उन्होंने ग्राम सभा पिंडरा में 2100 नवीन राजकीय नलकूप योजना के अंतर्गत स्थापित राजकीय नलकूप संख्या-38 आईजी का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि इस परियोजना के तहत 1.2 किलोमीटर भूमिगत पीवीसी पाइपलाइन बिछाई गई है तथा 10 कुलाबा (आउटलेट) बनाए गए हैं। इस नलकूप से क्षेत्र के लगभग 35 किसानों को सिंचाई की सुविधा मिल रही है। मुख्य विकास अधिकारी ने नलकूप के नियमित संचालन और किसानों को निर्बाध सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के क्रम में मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह राजकीय हाई स्कूल, गोनहा सुरतपुरा भी पहुंचे। उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक एवं आधारभूत व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया तथा विद्यालय परिसर की साफ-सफाई, पठन-पाठन व्यवस्था और उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को विद्यालय में आवश्यक व्यवस्थाएं बेहतर बनाए रखने और विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता संजय कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। मुख्य विकास अधिकारी ने सभी अधिकारियों से विकास कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने तथा योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने के लिए पूरी जिम्मेदारी और पारदर्शिता के साथ कार्य करने को कही।
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

