home page

टैक्सी के अंदर मिला चालक का शव

 | 
टैक्सी के अंदर मिला चालक का शव


नोएडा, 04 जून (हि.स.)। थाना सेक्टर 39 क्षेत्र के सेक्टर-37 में बृहस्पतिवार को एक टैक्सी में चालक का शव में मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।

थाना सेक्टर 39 के प्रभारी निरीक्षक डीपी शुक्ल ने बताया कि सेक्टर-37 के हरिजन बस्ती के रहने वाले उपेंद्र कुमार टैक्सी चलाते थे। वह मूलरूप से झारखंड गिरिडीह के पचमना गांव के रहने वाले थे। वह शराब पीने के आदी थे। वह बुधवार रात को टैक्सी चलाकर आए थे। उन्होंने सेक्टर-37 स्थित पोस्ट ऑफिस के पास टैक्सी खड़ी कर उसमें शराब पी और उसी में सो गए। उनके परिजन बृहस्पतिवार को ढूंढ़ते हुए टैक्सी के पास पहुंचे। टैक्सी अंदर से लॉक थी। पास में ग्लास और शराब की बोतल पड़ी थी। उपेंद्र बेहोशी की हालत में थे। मामले की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शीशा तोड़कर टैक्सी को खोला। उपेंद्र को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां पर चिकित्सकों ने उपेंद्र को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया है। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम बुलाकर साक्ष्य जुटाए।

थाना प्रभारी ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण पता चलेगा। उन्होंने बताया कि अगर परिजन किसी के खिलाफ कोई शिकायत करते हैं तो पुलिस मामले की जांच करेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी