home page

भूतेश्वर बलभद्र कुंड स्थित दाऊजी मंदिर में धूमधाम से मनाया गया बलदेव छठ जन्मोत्सव

 | 
भूतेश्वर बलभद्र कुंड स्थित दाऊजी मंदिर में धूमधाम से मनाया गया बलदेव छठ जन्मोत्सव


मथुरा, 17 सितंबर (हि.स.)। बलदेव छठ के पावन पर्व पर गुरूवार भूतेश्वर बलभद्र कुंड स्थित प्राचीन दाऊजी महाराज मंदिर में जन्मोत्सव बड़े ही धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया।

गुरूवार सुबह 8:00 बजे मंदिर के मुख्य महंत मोहन गुरु द्वारा पूर्ण विधि-विधान एवं मंत्रोच्चारण के साथ भगवान बलदेव और माता रेवती का पंचामृत अभिषेक संपन्न हुआ। इसके उपरांत विद्वान आचार्य मालाराम शास्त्री, अनुज, अखिलेश शास्त्री एवं वेदांत ने पूजन कराकर 251 किलो दूध, दही, घी, शहद एवं गंगाजल से ठाकुर जी का दिव्य स्नान कराया। इस दौरान बड़ी संख्या में उपस्थित श्रद्धालुओं ने ठाकुर जी के दर्शन कर पुण्य लाभ कमाया।

सायंकाल बेंगलुरु और कोलकाता से मंगाए गए देशी-विदेशी फूलों से पूरे मंदिर प्रांगण को भव्य रूप से सजाया गया। ठाकुर दाऊजी महाराज को विशाल छप्पन भोग अर्पित किए गए। रात्रि में सुप्रसिद्ध कलाकारों द्वारा मनमोहक भजनों की प्रस्तुतियां दी गईं, जिनका श्रद्धालुओं ने देर रात तक आनंद लिया।

कार्यक्रम के अंत में महा आरती उतारी गई और श्रद्धालुओं में प्रसाद का वितरण किया गया। इस आयोजन को सफल बनाने में शरद नागर, सत्य प्रकाश, गोविंद प्रसाद, मनोज सर्राफ, विपिन, माणिक शर्मा, कृष्ण कुमार कान्हा, पिंटू अग्रवाल, अशोक, विष्णु एवं अतुल का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम के संयोजक मोहनलाल भारद्वाज ने सभी श्रद्धालुओं और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार