home page

ग्रामीण क्षेत्रों में अंतरिक्ष विज्ञान के प्रति जागरूकता बढ़ाकर युवाओं को प्रेरित करना : सौम्य वत्सल मिश्र

 | 
ग्रामीण क्षेत्रों में अंतरिक्ष विज्ञान के प्रति जागरूकता बढ़ाकर युवाओं को प्रेरित करना : सौम्य वत्सल मिश्र


देवरिया, 08 अप्रैल (हि.स.)। देवरिया जनपद के युवा समाजसेवी एवं नमस्कार फाउंडेशन के राष्ट्रीय संयोजक सौम्य वत्सल मिश्र ने भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) द्वारा बेंगलुरु में आयोजित अंतरराष्ट्रीय सेमिनार “Spacecraft Mission Operations (SMOPS-2026)” में सहभागिता कर जनपद का गौरव बढ़ाया है। यह प्रतिष्ठित कार्यक्रम 8 से 10 अप्रैल तक ताज यशवंतपुर में आयोजित हो रहा है।

सौम्य वत्सल मिश्र ने बताया कि, सेमिनार का उद्देश्य अंतरिक्ष मिशन संचालन के क्षेत्र में नवीन तकनीकों, वैश्विक सहयोग, मिशन प्रबंधन और भविष्य की रणनीतियों पर विचार-विमर्श करना है। जिससे अंतरिक्ष विज्ञान में नवाचार को बढ़ावा मिल सके। इस मंच पर विभिन्न देशों के विशेषज्ञ अपने अनुभव साझा कर रहे हैं।

सौम्य वत्सल मिश्र ने आगे बताया कि, इसरो के चेयरमैन वी. नारायणन एवं पूर्व चेयरमैन एस. सोमनाथ से मुलाकात कर हिंदी भाषी राज्यों में स्पेस जागरूकता अभियान पर चर्चा करेंगे। उनका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में अंतरिक्ष विज्ञान के प्रति जागरूकता बढ़ाना और युवाओं को प्रेरित करना है।

नमस्कार फाउंडेशन के सचिव उत्कर्ष वत्स ने इसे देवरिया सहित पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बताया। सौम्य वत्सल मिश्र सलेमपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम रेवली के निवासी हैं। उनके पिता शैलेंद्र कुमार मिश्र ने भी इस उपलब्धि पर खुशी जताई। इस उपलब्धि पर इसरो वैज्ञानिक अभिषेक सिंह, पूर्व सांसद रवींद्र कुशवाहा सहित कई गणमान्य लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त की।

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक