टीजीटी: 36 जिलों में 8.68 लाख अभ्यर्थी 3 व 4 जून को देंगे परीक्षा
-अभ्यर्थी आयोग की वेबसाइट से डाउनलोड कर सकेंगे प्रवेश पत्र
प्रयागराज, 29 मई (हि.स)। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग प्रयागराज ने प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (टीजीटी) भर्ती परीक्षा-2022 के लिए बनाए गए कुल 36 जिलों की सूचना एवं परीक्षा की समयसारिणी वेबसाइट पर जारी कर दी है।
प्रत्येक मंडल मुख्यालय सहित मंडल के एक-एक अन्य जिलों में केंद्र बनाए गए हैं। कुल 36 जिलों के 614 केंद्रों पर परीक्षा में सम्मिलित होने के लिए 8,68,531 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। तीन और चार जून को आयोजित होने वाली परीक्षा के आयोजन की तैयारियां आयोग ने पूरी कर ली हैं। प्रवेश पत्र 30 मई को वेबसाइट पर जारी किए जाएंगे।
उप्र शिक्षा सेवा चयन आयोग के उप सचिव संजय कुमार सिंह ने बताया कि परीक्षा दोनों दिन दो पालियों में कराई जाएगी। पहली पाली का समय सुबह 9ः30 से 11ः30 तक तथा दूसरी पाली का समय दोपहर बाद 2ः30 से 4ः30 बजे तक निर्धारित है। पहले दिन पहली पाली में विज्ञान, सामाजिक विज्ञान, शारीरिक शिक्षा, उर्दू तथा दूसरी पाली में गणित, हिंदी, संगीत गायन एवं कृषि विषय की परीक्षा का आयोजन होगा। दूसरे दिन पहली पाली में जीवविज्ञान, अंग्रेजी, गृहविज्ञान, संगीत वादन तथा दूसरी पाली में कला, संस्कृत एवं वाणिज्य विषय की परीक्षा कराई जाएगी।उप्र शिक्षा सेवा चयन आयोग के उप सचिव ने बताया कि परीक्षा के लिए आगरा, मथुरा, अलीगढ़, हाथरस, अयोध्या, सुल्तानपुर, आजमगढ़, मऊ, बदायूं, बरेली, बस्ती, संतकबीरनगर, बांदा, चित्रकूट, बहराइच, गोंडा, देवरिया, गोरखपुर, जालौन, झांसी, कानपुर देहात, कानपुर नगर, लखनऊ, रायबरेली, गाजियाबाद, मेरठ, भदोही (संत रविदास नगर), मीरजापुर, मुरादाबाद, रामपुर, प्रतापगढ़, प्रयागराज, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, जौनपुर एवं वाराणसी जिले में केंद्र बनाए गए हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र

