प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक परीक्षा 2026 की प्रोविजनल उत्तरकुंजी जारी
-अभ्यर्थी 12 जून तक दर्ज करा सकते हैं आपत्तियां : डॉ. प्रशांत कुमार
प्रयागराज/लखनऊ, 06 जून (हि.स)। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग द्वारा आयोजित प्रशिक्षित स्नातक (टीजीटी) भर्ती परीक्षा (विज्ञापन संख्या-01/2022) के अंतर्गत 03 एवं 04 जून 2026 को सम्पन्न लिखित परीक्षा के सभी 15 विषयों की मास्टर सेट की प्रोविजनल उत्तरकुंजी आयोग की वेबसाइटhttps://upessc.up.gov.in पर प्रकाशित कर दी गई है।
आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि अंग्रेजी, हिन्दी, गणित, सामाजिक विज्ञान, संस्कृत, शारीरिक शिक्षा, वाणिज्य, गृह विज्ञान, कला, विज्ञान, संगीत गायन, कृषि, जीव विज्ञान, उर्दू तथा संगीत वादन सहित सभी विषयों की उत्तरकुंजी अभ्यर्थियों के अवलोकन करने के लिए उपलब्ध करा दी गई है। उन्होंने बताया कि अभ्यर्थी आयोग के ऑनलाइन पोर्टल पर अपने अनुक्रमांक एवं जन्मतिथि के माध्यम से लॉगिन कर संबंधित मास्टर सेट की प्रोविजनल उत्तरकुंजी का अवलोकन कर सकते हैं तथा अपने प्रश्नपत्र का मिलान कर सकते हैं। यदि किसी प्रश्न अथवा उत्तर के संबंध में कोई आपत्ति हो तो अभ्यर्थी निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार ऑनलाइन माध्यम से अपनी आपत्ति दर्ज करा सकते हैं।
डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि 06 से 12 जून 2026 की रात्रि 12 बजे तक आपत्तियां ऑनलाइन दर्ज की जा सकेंगी। आपत्तियों के निस्तारण के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध करा दिए गए हैं। निर्धारित अवधि के बाद प्राप्त किसी भी आपत्ति पर विचार नहीं किया जाएगा। उन्होंने अभ्यर्थियों को कहा है कि वे केवल आयोग द्वारा उपलब्ध कराए गए ऑनलाइन लिंक के माध्यम से ही अपनी आपत्तियां प्रस्तुत करें। ई-मेल, डाक अथवा किसी अन्य माध्यम से प्राप्त आपत्तियों को स्वीकार नहीं किया जाएगा। सभी प्राप्त आपत्तियों का विषय विशेषज्ञों द्वारा परीक्षण कर अंतिम उत्तरकुंजी तैयार की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र

