home page

मल्हनी और मुंगराबादशाहपुर में उतारे जाएंगे टिकाऊ और जिताऊ प्रत्याशी, कार्यकर्ताओं के साथ बनेगी रणनीति: शंकर गिरी

 | 
मल्हनी और मुंगराबादशाहपुर में उतारे जाएंगे टिकाऊ और जिताऊ प्रत्याशी, कार्यकर्ताओं के साथ बनेगी रणनीति: शंकर गिरी


जौनपुर, 19 सितंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने उत्तर प्रदेश के संगठनात्मक 98 जिलों में जिला प्रभारियों की नियुक्ति की है। प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने शनिवार शाम जिला प्रभारियों की सूची जारी की। जौनपुर का जिला प्रभारी वाराणसी निवासी शंकर गिरी को बनाया गया है।

शंकर गिरी ने करीब 35 वर्ष पहले वार्ड अध्यक्ष के रूप में राजनीतिक जीवन की शुरुआत की थी। इसके बाद उन्होंने वाराणसी में मंडल अध्यक्ष, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष, जिला मंत्री और काशी क्षेत्र के महामंत्री समेत संगठन के विभिन्न पदों की जिम्मेदारी संभाली। वह चार बार प्रदेश महामंत्री, किसान मोर्चा के प्रदेश प्रभारी और भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष भी रह चुके हैं। अब उन्हें जौनपुर जिले की संगठनात्मक जिम्मेदारी सौंपी गई है।

नए जिला प्रभारी के सामने आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी संगठन को मजबूत करने के साथ ही पिछले चुनाव में हारी सीटों पर जीत दिलाने की चुनौती होगी।

बातचीत में शंकर गिरी ने कहा कि कार्यकर्ताओं के बल पर जिले की पांचों विधानसभा सीटों पर भाजपा की जीत सुनिश्चित करना उनकी पहली प्राथमिकता होगी।

उन्होंने विशेष रूप से मल्हनी और मुंगराबादशाहपुर विधानसभा सीटों का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में पार्टी को इन दोनों सीटों पर हार का सामना करना पड़ा था। आगामी चुनाव में इन सीटों पर जीत के लिए संगठन स्तर पर प्रभावी रणनीति तैयार की जाएगी।

उन्होंने कहा कि प्रत्याशी चयन में ऐसे उम्मीदवारों को प्राथमिकता दी जाएगी, जो टिकाऊ और जिताऊ हों। इसके लिए कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर जमीनी स्थिति का फीडबैक लिया जाएगा।

कार्यकर्ताओं के सुझावों और संगठन की स्थिति के आधार पर आगे की रणनीति तैयार की जाएगी। उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत करते हुए कार्यकर्ताओं को चुनावी तैयारियों में पूरी तरह सक्रिय किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव