home page

लोको पायलट की गर्मी से बिगड़ी हालत, उपचार के दौरान मौत

 | 

बांदा, 16 जून (हि.स.)। अप्रैल और मई माह में एशिया में सबसे गर्म जनपदों में शुमार उत्तर प्रदेश का जनपद बांदा जून के महीने में भी नए रिकॉर्ड बना रहा है। सोमवार को जहां पारा 42 डिग्री होने के बाद भी देश में सर्वाधिक गर्म रहा। वहीं आज मंगलवार को पारा उछलकर 44 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया और आज भी समूचे देश में सर्वाधिक गर्म दर्ज किया गया। इधर गर्मी के चलते खैरार जंक्शन पर चल रहे रेलवे लाइन के दोहरीकरण कार्य के दौरान टावर वैगन के चालक की तेज गर्मी व धूप के चलते हालत खराब हो गई। जब लोको पायलट बेहोश हो गया ताे अन्य साथी इंजीनियरों द्वारा उसे निजी वाहन से जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

शहर कोतवाली क्षेत्र के अतर्रा चुंगी के कच्चा तालाब निवासी कमल बाबू बाजपेयी रेलवे में लोको पायलट पद पर तैनात थे। इन दिनों रेलवे लाइन के दोहरीकरण कार्य के चलते उनकी ड्यूटी टावर वैगन गाड़ी चलाने में लगाई थी। मंगलवार की सुबह ड्यूटी के दौरान अचानक चालक कमल बाबू की तबियत खराब हुई और वह बेहोश हो गए। जिसके बाद अन्य साथी इंजीनियरों ने अपनी निजी कार से लोको पायलट को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उपचार के दौरान लोको पायलट की मौत हो गई। मृतक के रिश्तेदार राहुल तिवारी ने बताया कि डॉक्टरों ने हीटवेब के चलते मौत होने की आशंका जताई थी। मृतक अपने पीछे एक बेटा और एक बेटी छोड़ गया है। लोको पायलट पति की मौत की जानकारी मिलने पर पत्नी उमा भी बेसुध है।

इस संबंध में लॉबी इंचार्ज आरके द्विवेदी ने बताया कि हम लोग 40- 50 लोग मिलकर खैरार जंक्शन रेलवे स्टेशन में काम कर रहे थे तभी लोको पायलट की हालत बिगड़ गई। उसे निजी साधन से जिला अस्पताल लाया गया। इलाज के बाद हालत सुधरी लेकिन 20 मिनट बाद सांस में तकलीफ हुई और फिर उसने दम तोड़ दिया। मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद सामने आएगी।

इधर इधर कृषि विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉक्टर दिनेश शाह का कहना है कि फिलहाल अभी मौसम में कोई बदलाव के संकेत नहीं है। जिससे लोगों को अभी दो दिनों तक उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह