home page

नहर में नहाते समय किशोर डूबा, पांच घंटे तलाश के बाद भी नहीं मिला सुराग

 | 
नहर में नहाते समय किशोर डूबा, पांच घंटे तलाश के बाद भी नहीं मिला सुराग


कानपुर, 15 अगस्त (हि.स.)। सचेण्डी थाना क्षेत्र अंतर्गत शनिवार को दोस्तों के साथ स्कूल से लौट रहा 14 वर्षीय किशोर नहर में नहाने के दौरान गहरे पानी में समा गया। साथियों के शोर मचाने पर आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और परिजनों को घटना की सूचना दी। पुलिस और गोताखोरों ने कई घंटे तक तलाश की, लेकिन देर शाम तक किशोर का पता नहीं चल सका।

कटरा घनश्याम गांव निवासी संतोष का पुत्र शनि स्वतंत्रता दिवस पर दोस्तों के साथ विद्यालय गया था। लौटते समय सभी दोस्त धर्ममंगदपुर गांव के पास रामगंगा नहर के किनारे रुक गए। इस दौरान कुछ बच्चे नहर में नहाने लगे। शनि भी उनके साथ पानी में उतर गया। नहाते समय वह अचानक नहर के गहरे हिस्से में चला गया और देखते ही देखते पानी में डूब गया।

शनि को डूबता देखकर उसके साथियों ने शोर मचाया। आसपास मौजूद ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। ग्रामीणों ने अपने स्तर से किशोर को खोजने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। घटना की जानकारी परिजनों को दी गई तो परिवार में कोहराम मच गया और परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों व गोताखोरों की मदद से नहर में तलाश शुरू कराई। करीब पांच घंटे तक अभियान चलाया गया, लेकिन तेज बहाव और पानी की अधिक गहराई के कारण किशोर का कोई सुराग नहीं मिल सका।

सचेण्डी थाना प्रभारी दीना नाथ मिश्रा ने बताया कि अंधेरा हो जाने की वजह से सर्च ऑपरेशन रोक दिया गया। रविवार को फिर से जाल डालकर किशोर की तलाश कराई जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप