home page

पुल के पास बेतवा नदी में डूबा किशोर, मौत

 | 
पुल के पास बेतवा नदी में डूबा किशोर, मौत


हमीरपुर, 22 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के जरिया थाना क्षेत्र के ग्राम चंडौत स्थित बेतवा नदी पुल के पास बुधवार को दोस्तों के साथ नदी में नहाने गया किशोर डूब गया, जिससे उसकी मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, हनी पुत्र शिवकुमार (17), निवासी ग्राम बमरौली थाना मोठ जनपद झांसी, जालौन के ग्राम इटौरा में एक शादी समारोह में शामिल होने आया था। बुधवार को वह अपने चार दोस्तों के साथ बेतवा नदी पार कर नहाने गया। बताया गया कि उसे तैरना नहीं आता था। नहाते समय अचानक पैर फिसलने से वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया। घटना की सूचना मिलते ही जरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से युवक को बाहर निकाला गया। उसे तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरीला ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है। इस घटना के बाद शादी की खुशियां मातम में बदल गईं और परिवार में कोहराम मच गया। थाना प्रभारी दिनेश पांडेय ने बताया कि शव कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा