रेलवे ट्रैक पार करते समय पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आने से किशोर की मौत
मुरादाबाद, 18 जुलाई (हि.स.)। मुरादाबाद जनपद के थाना भगतपुर क्षेत्र के महमूदपुर तिगरी के पास शनिवार रात्रि 9 बजे के लगभग खाना खाकर खेतों को देखने निकले किशोर की रेलवे ट्रैक पार करते समय पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। किशोर की मौत का खबर सुनकर परिवार में मातम छा गया।
थाना भगतपुर क्षेत्र की मुरादाबाद ग्राम पंचायत महमूदपुर तिगरी निवासी शहादत हुसैन का 17 वर्षीय पुत्र नावेद रात्रि साढ़े आठ बजे के लगभग खाना खाकर अपने खेतों को देखने के लिए तिगरी गया था। जैसे ही वह ट्रेन की पटरी के पास पहुंचा तो मुरादाबाद की दिशा से आ रही पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आने से नावेद की मौके पर मौत हो गई। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने शव को उठाकर सुरक्षित जगह रखा। मौके पर पुलिस भी पहुंच गई।
ठाकुरद्वारा सर्किल के पुलिस क्षेत्राधिकारी आशीष प्रताप सिंह ने बताया कि गांव के कुछ लोगों ने युवक के कानों में एयरफोन लगे होने की बात बताई है। जिससे आवाज ना आने के कारण ट्रेन की चपेट में आकर मौत हो गई। पुलिस पोस्टमार्टम करने का प्रयास कर रही, लेकिन परिजन मना कर रहे हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

