home page

औरैया : तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से 13 वर्षीय किशोर की मौत, परिवार में मचा कोहराम

 | 
औरैया : तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से 13 वर्षीय किशोर की मौत, परिवार में मचा कोहराम


औरैया, 12 अक्टूबर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में दिबियापुर थाना क्षेत्र के कंचौसी गांव में रविवार शाम दुर्गा महोत्सव की कलश यात्रा में शामिल होकर पैदल घर लौट रहे 13 वर्षीय किशोर को बिहारीपुर गांव के पास तेज रफ्तार बाइक सवार ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल किशोर की सैफई ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। घटना से परिवार में कोहराम मच गया।

कंचौसी गांव निवासी अहिवरन सिंह उर्फ लालू का 13 वर्षीय पुत्र राज रविवार शाम दुर्गा महोत्सव की कलश यात्रा में शामिल हुआ था। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वह पैदल कंचौसी बाजार स्थित अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान बिहारीपुर गांव के पास पीछे से आए तेज रफ्तार बाइक सवार ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में राज गंभीर रूप से घायल हो गया।

सूचना पर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से घायल किशोर को उपचार के लिए सौ शैय्या अस्पताल चिचौली भेजा गया। हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने उसे सैफई रेफर कर दिया। परिजन उसे सैफई लेकर जा रहे थे, तभी रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। राज दो भाइयों और एक बहन में सबसे छोटा था। बेटे की मौत की खबर मिलते ही मां रेखा का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल है।

चौकी प्रभारी सौरभ सिंह ने बताया कि दुर्घटना में शामिल बाइक बरामद कर ली गई है। बाइक पर तीन लोग सवार थे। चालक की तलाश की जा रही है। थाना प्रभारी राजकुमार सिंह ने बताया कि सोमवार को शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में तहरीर मिली है और प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। चालक की तलाश जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार