रोडवेज बस ने बाइक सवारों को कुचला, किशोरी की मौत, दो गंभीर
मुआवजे की मांग को लेकर ग्रामीणों ने स्टेट हाईवे रखा जाम, सैकड़ों वाहन फंसे
हमीरपुर, 15 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में सुमेरपुर थाना क्षेत्र के टेढ़ा गांव में रविवार को खेतों की ओर जा रहे बाइक सवारों को रोडवेज बस ने कुचल दिया। हादसे में 14 वर्षीय किशोरी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि बाइक सवार युवक और एक अन्य किशोरी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद कानपुर रेफर किया गया है। हादसे से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर सुमेरपुर-बांदा स्टेट हाईवे पर जाम लगा दिया। करीब दो घंटे तक चले जाम से हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
टेढ़ा गांव निवासी अवधेश कुमार ने बताया कि उसकी बुआ गंधारी का बेटा सुमित उर्फ सुंदरम (निवासी सोनापुरवा, थाना पैलानी, जनपद बांदा) घर आया हुआ था। रविवार दोपहर करीब एक बजे वह बाइक से अवधेश की छोटी बहन काजल (14) और मंदाकिनी (16) को लेकर खेतों की ओर जा रहा था। जैसे ही बाइक टेढ़ा पावर हाउस के सामने पहुंची, बांदा की ओर जा रही रोडवेज बस ने बाइक सवारों को कुचल दिया। हादसे में काजल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सुमित और मंदाकिनी गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पीआरवी टीम दोनों घायलों को अपने वाहन से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सुमेरपुर ले गई। यहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने दोनों को सदर अस्पताल रेफर कर दिया। बाद में उन्हें कानपुर रेफर किया गया। उधर, किशोरी की मौत की खबर गांव पहुंचते ही परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। मुआवजे की मांग को लेकर उन्होंने स्टेट हाईवे पर जाम लगा दिया। सूचना पर थानाध्यक्ष पवन कुमार पटेल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन परिजन मुआवजे की मांग पर अड़े रहे। इसके बाद एसडीएम सदर अभिषेक कुमार और सीओ सदर यशवंत सिंह मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों और ग्रामीणों को समझा-बुझाकर करीब दो घंटे बाद जाम खुलवाया। इस दौरान हाईवे पर सैकड़ों वाहन फंसे रहे और राहगीरों को भारी परेशानी उठानी पड़ी।
दो घंटे बाद खुला हाईवे, प्रशासन ने ली राहत की सांसटेढ़ा गांव में सड़क हादसे में किशोरी की मौत के बाद मुआवजे की मांग को लेकर ग्रामीणों ने स्टेट हाईवे जाम कर दिया। सूचना पर पहुंचे एसडीएम सदर अभिषेक कुमार और सीओ सदर यशवंत सिंह ने परिजनों को समझाया-बुझाया। अधिकारियों के प्रयास से करीब दो घंटे बाद ग्रामीणों ने जाम खोल दिया। इसके बाद यातायात बहाल हुआ और प्रशासन ने राहत की सांस ली। सीओ सदर ने रविवार को शाम बताया कि हादसे के बाद परिजनों रोड जाम कर दिया था। मौके पर कार्रवाई का भरोसा देकर जाम खुलवा दिया गया है। बताया कि किशोरी का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी हाउस भेजा गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

