home page

मेटा अलर्ट पर कानपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आत्महत्या का प्रयास कर रहे युवक को अस्पताल पहुंचाया

 | 
मेटा अलर्ट पर कानपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आत्महत्या का प्रयास कर रहे युवक को अस्पताल पहुंचाया


कानपुर, 27 अक्टूबर (हि.स.)। सोशल मीडिया पर आत्महत्या का प्रयास करने संबंधी वीडियो पोस्ट किए जाने की सूचना पर कानपुर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए युवक की पहचान की और उसे समय रहते अस्पताल पहुंचाया। पुलिस की तत्परता से युवक की जान बचाने के लिए उपचार शुरू कराया गया। युवक की हालत अब खतरे से बाहर बताई गई है।

पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने बताया कि 26 और 27 अक्टूबर की मध्यरात्रि लखनऊ स्थित पुलिस मुख्यालय के सोशल मीडिया सेल को मेटा कंपनी के माध्यम से एक अलर्ट मिला। इसमें कानपुर नगर के एक युवक द्वारा अपने हाथ की नस काटने का प्रयास करते हुए वीडियो पोस्ट किए जाने की जानकारी दी गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए सोशल मीडिया सेल ने युवक की पहचान और लोकेशन पता कर संबंधित पुलिस को सूचना दी।

सोशल मीडिया सेल में तैनात कांस्टेबल शैलेन्द्र कुमार ने अलर्ट पर तत्काल कार्रवाई शुरू की। सर्विलांस के जरिए युवक की लोकेशन की पहचान की गई, जो नौबस्ता थाना क्षेत्र की निकली। इसके बाद नौबस्ता पुलिस को सूचना देकर मौके पर पहुंचने के लिए कहा गया।

सूचना मिलते ही नौबस्ता थाने के उपनिरीक्षक उपेंद्र सिंह, कांस्टेबल दीपक शर्मा और चालक हेड कांस्टेबल बृजेश कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने युवक को उसके कमरे में दरवाजा अंदर से बंद किए हुए पाया। पुलिसकर्मियों ने दरवाजा खुलवाया और युवक तक पहुंचकर उसे तत्काल सहायता उपलब्ध कराई। इसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उपचार शुरू हुआ।

पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि युवक कर्ज के कारण मानसिक तनाव में था। इसी तनाव के चलते उसने आत्महत्या का प्रयास किया था। पुलिस ने युवक के परिजनों से बातचीत कर उन्हें स्थिति की जानकारी दी और आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया।

कानपुर पुलिस के अनुसार, मेटा से मिले अलर्ट, सोशल मीडिया सेल की तत्परता और स्थानीय पुलिस के साथ समन्वय से समय रहते कार्रवाई संभव हो सकी। पुलिस ने बताया कि युवक की हालत खतरे से बाहर है और मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप