home page

टेककृति’26: आईआईटी कानपुर में 19 से 22 मार्च तक होगा एशिया का सबसे बड़ा तकनीकी महोत्सव : प्रीत मेहता

 | 
टेककृति’26: आईआईटी कानपुर में 19 से 22 मार्च तक होगा एशिया का सबसे बड़ा तकनीकी महोत्सव : प्रीत मेहता


कानपुर, 18 मार्च (हि.स.)। टेककृति’26 युवाओं को तकनीक, नवाचार और उद्यमिता के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा दिखाने का बड़ा मंच देगा और उन्हें वैश्विक स्तर पर सीखने का अवसर प्रदान करेगा,” यह बातें बुधवार को टेककृति’26 के हेड, मीडिया एंड पब्लिसिटी प्रीत मेहता ने कहीं।

भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान कानपुर (आईआईटी) कानपुर में 19 से 22 मार्च तक एशिया का सबसे बड़ा तकनीकी और उद्यमिता महोत्सव ‘टेककृति’26 आयोजित किया जाएगा, जिसमें देश-विदेश से हजारों प्रतिभागियों के शामिल होने की उम्मीद है।

टेककृति अपने 32वें संस्करण में नवप्रवर्तकों, शोधकर्ताओं, छात्रों और उद्योग जगत के विशेषज्ञों को एक मंच पर लाएगा। महोत्सव के दौरान विभिन्न तकनीकी प्रतियोगिताएं, प्रदर्शनियां, कार्यशालाएं और इंटरैक्टिव सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिनका उद्देश्य युवाओं में नवाचार और इंजीनियरिंग उत्कृष्टता को बढ़ावा देना है।

इस वर्ष के प्रमुख आकर्षणों में रोबोवार्स और ग्रैंड प्रिक्स आरसी रेसिंग चैंपियनशिप शामिल हैं। रोबोवार्स में शक्तिशाली रोबोट्स के बीच रोमांचक मुकाबले होंगे, जबकि आरसी रेसिंग में हाई-स्पीड मशीनों और अत्याधुनिक ऑटोमोटिव तकनीक का प्रदर्शन किया जाएगा।

महोत्सव में फ्लैगशिप टॉक्स की श्रृंखला भी आयोजित होगी, जिसमें अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला और डीपमाइंड के एआई शोधकर्ता निकोलस हीस जैसे विशेषज्ञ अपने अनुभव साझा करेंगे। वे अंतरिक्ष अन्वेषण, कृत्रिम बुद्धिमत्ता और उभरती प्रौद्योगिकियों के भविष्य पर चर्चा करेंगे।

‘रक्षाकृति’ महोत्सव का एक महत्वपूर्ण हिस्सा होगा, जिसमें रक्षा और सामरिक तकनीकों से जुड़े नवाचारों को प्रदर्शित किया जाएगा। इसके साथ ही कई तकनीकी प्रतियोगिताएं और कार्यशालाएं प्रतिभागियों को व्यावहारिक अनुभव प्रदान करेंगी।

देश-विदेश से बड़ी संख्या में प्रतिभागियों के आने के साथ यह महोत्सव तकनीकी नवाचार, रचनात्मकता और उद्यमशीलता का प्रमुख केंद्र बनने जा रहा है। इच्छुक प्रतिभागी आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर पंजीकरण कर सकते हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप