शिक्षक निर्वाचन में डॉ. शरदेंदु कुमार त्रिपाठी ने निर्दलीय दाखिल किया पर्चा
गोरखपुर, 03 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को लेकर नामांकन प्रक्रिया तेज हो गई है। शनिवार को डॉ. शरदेंदु कुमार त्रिपाठी ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। उन्होंने मंडलायुक्त न्यायालय पहुंचकर निर्वाचन के रिटर्निंग अफसर एवं मंडलायुक्त इन्द्र विक्रम सिंह के समक्ष अपना पर्चा जमा किया। नामांकन के दौरान मंडलायुक्त न्यायालय परिसर में सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्था चाक-चौबंद रही।
नामांकन प्रक्रिया के दौरान सहायक रिटर्निंग अफसर एवं अपर आयुक्त प्रशासन जय प्रकाश, अपर आयुक्त अजय राय तथा अपर आयुक्त राजेश श्रीवास्तव मौजूद रहे। अधिकारियों की मौजूदगी में नामांकन संबंधी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कराई गईं। निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन की ओर से लगातार निगरानी रखी जा रही है।
सुरक्षा व्यवस्था के लिए नोडल अधिकारी एवं एसपी क्राइम अयोध्या प्रसाद सिंह तथा नोडल अधिकारी एवं एसीएम पवन कुमार जायसवाल मौके पर निगरानी करते रहे। मंडलायुक्त न्यायालय परिसर और आसपास के क्षेत्र में पुलिस बल की तैनाती के साथ आने-जाने वाले प्रत्याशियों एवं उनके समर्थकों पर नजर रखी गई।
नामांकन प्रक्रिया के दौरान एलआईयू और इंटेलिजेंस टीम भी सक्रिय रही। टीम द्वारा लगातार गतिविधियों पर निगरानी रखी गई। वहीं, उप जिलाधिकारी आरती शाहू भी मौके निगरानी करती रहीं। प्रशासन की ओर से नामांकन के दौरान निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित कराया गया।
गाैरतलब है कि मतदान निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि 6 अक्टूबर निर्धारित है। 7 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच (स्क्रूटनी) की जाएगी। इसके बाद 9 अक्टूबर को नाम वापसी की प्रक्रिया होगी। चुनाव के लिए 23 अक्टूबर को मतदान कराया जाएगा, जबकि 27 अक्टूबर को मतगणना होगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

