शिक्षक और विद्यार्थी शिक्षा व्यवस्था के दो सबसे महत्वपूर्ण स्तम्भ : कमिश्नर
मुरादाबाद, 08 मई (हि.स.)। निपुण भारत मिशन के अंतर्गत आयुक्त सभागार मुरादाबाद में संभल और मुरादाबाद के लगभग 70 एआरपी के मंडल स्तरीय प्रशिक्षण कार्यशाला का शुक्रवार को आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में एसआरपी, बीईओ, डायट मेंटर भी उपस्थित रहे। मंडलायुक्त आञ्जनेय कुमार सिंह ने बताया कि शिक्षक और विद्यार्थी शिक्षा व्यवस्था के दो सबसे महत्वपूर्ण स्तम्भ हैं। अपने अनुभवों के आधार पर उन्होंने बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने हेतु बुनियादी स्तर पर सीखने की कला को मजबूत करने की आवश्यकता पर विशेष बल दिया।
जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान एवं निपुण सेल द्वारा आयोजित यह अपने प्रकार की पहली कार्यशाला थी, जिसका उद्देश्य एआरपी को उनके कार्यों के लिए सक्षम बनाना और प्रशिक्षित करना था। कार्यशाला का उपयोग उनके प्रशिक्षण में मौजूद कमियों को दूर करने के साथ-साथ उन्हें दैनिक कार्यों के संबंध में मार्गदर्शन प्रदान करने के लिए भी किया गया।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में मंडलायुक्त के साथ ही जिलाधिकारी मुरादाबाद डॉ. राजेंद्र पैंसिया तथा मुख्य विकास अधिकारी मृणाली अविनाश जोशी ने भी प्रतिभाग किया। मंडलायुक्त द्वारा प्रतिभागियों को फाउंडेशनल लर्निंग के महत्व पर अत्यंत प्रेरणादायक एवं महत्वपूर्ण वक्तव्य साझा किया गया।
जिलाधिकारी द्वारा शिक्षकों को विद्यालयों में मिशन क, ख, ग़, घ की शुरुआत करने हेतु निर्देशित किया गया। जिसमें क से कहानी व कल्पनाशीलता, ख से खेल व खिलौने, ग से गीत व गतिविधि, घ से घनिष्ठता व घर जैसा वातावरण बनाते हुए कक्षा में शिक्षण करने हेतु निर्देशित किया गया।
मुख्य विकास अधिकारी द्वारा कार्यशाला में स्ट्रक्चर्ड पेडागॉजी और साइंस ऑफ लर्निंग पर विशेष ध्यान देने हेतु निर्देश प्रदान किए गए। कार्यशाला में प्राथमिकता कक्षा 1 एवं 2 के विद्यार्थियों पर केंद्रित रही। जिसमें मुख्य प्रशिक्षण भाषा एवं गणित विषयों से संबंधित था।
कार्यशाला में कुल 05 सत्र आयोजित किए गए जिसमें एआरपी को संदर्शिका के प्रभावी उपयोग हेतु सक्षम बनाने के लिए प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए गए।
कार्यशाला में एडी बेसिक बुद्धप्रिय सिंह, संदर्भदाता के रूप में आशुतोष त्यागी, (डायट मेंटर मुरादाबाद), डॉ. सचिन शुक्ला, (एसआरजी मुरादाबाद), शालिनी सक्सैना(एसआरजी संभल), राशिद अली, (डायट मेंटर संभल), श्रवण कुमार, (एआरपी मुरादाबाद) आदि मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

