home page

मुरादाबाद : तीन महीने से नगर निगम का हाउस टैक्स पोर्टल ठप, ऑनलाइन सुविधा बंद

 | 
मुरादाबाद : तीन महीने से नगर निगम का हाउस टैक्स पोर्टल ठप, ऑनलाइन सुविधा बंद


अप्रैल से ठप इस व्यवस्था ने हजारों करदाताओं की परेशानी बढ़ाई

मुरादाबाद, 04 जुलाई (हि.स.)। मुरादाबाद नगर निगम का ऑनलाइन हाउस टैक्स पोर्टल पिछले तीन महीने से बंद पड़ा है। अप्रैल से ठप इस व्यवस्था ने हजारों करदाताओं की परेशानी बढ़ा दी है। ऑनलाइन टैक्स जमा करने की सुविधा बंद होने से लोगों को मजबूरन नगर निगम के काउंटरों पर पहुंचकर मैनुअल तरीके से कर जमा करना पड़ रहा है। इससे न केवल लंबी कतारें लग रही हैं, बल्कि लोगों का समय और पैसा भी बर्बाद हो रहा है।

नगर निगम के अधिकारियों के मुताबिक यह समस्या केवल मुरादाबाद तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे प्रदेश में पोर्टल बंद है। इसकी वजह पोर्टल संचालित करने वाली एजेंसी और निगम के बीच सालाना किराये को लेकर बना विवाद बताया जा रहा है। एजेंसी पहले चार लाख रुपये वार्षिक शुल्क पर सेवा दे रही थी, लेकिन किराया बढ़ाने की मांग के चलते ऑनलाइन व्यवस्था बहाल नहीं हो सकी।

ऑनलाइन भुगतान बंद होने का असर नगर निगम की राजस्व वसूली पर भी साफ दिखाई दे रहा है। बड़ी संख्या में करदाता ऑनलाइन सुविधा उपलब्ध न होने के कारण समय पर टैक्स जमा नहीं कर पा रहे हैं। महापौर विनोद अग्रवाल का कहना है कि इस समस्या का जल्द समाधान होने की उम्मीद है।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल