home page

औद्योगिक क्षेत्रों में टैक्स की 60 फीसदी धनराशि से सुधरेंगी सुविधाएं : जिलाधिकारी

 | 
औद्योगिक क्षेत्रों में टैक्स की 60 फीसदी धनराशि से सुधरेंगी सुविधाएं : जिलाधिकारी


कानपुर, 30 अक्टूबर (हि.स.)। औद्योगिक क्षेत्रों में सड़कों को धूलमुक्त बनाने, जलनिकासी व्यवस्था सुधारने और हरियाली विकसित करने के लिए नगर निगम से मिलने वाले टैक्स की 60 प्रतिशत धनराशि संबंधित क्षेत्रों के विकास पर खर्च करने की कार्ययोजना बनाई जाएगी। इसके लिए औद्योगिक क्षेत्रों की मैपिंग कराकर वहां उपलब्ध सुविधाओं और जरूरतों का आकलन किया जाएगा। यह बातें शुक्रवार को सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में उद्योग बंधु एवं व्यापार बंधु की बैठक में जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने कहीं।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि औद्योगिक क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विकास प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। सड़कों की स्थिति सुधारने, जलनिकासी व्यवस्था दुरुस्त करने, हरित क्षेत्र और पार्क विकसित करने के साथ अन्य जरूरी सुविधाओं पर भी ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि योजनाबद्ध विकास से उद्यमियों को सहूलियत मिलेगी और औद्योगिक गतिविधियों के लिए बेहतर वातावरण तैयार होगा।

बैठक में सड़क निर्माण और मरम्मत कार्यों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने दीपावली से पहले पैचवर्क पूरा कराने के निर्देश दिए। निर्माणाधीन सड़कों के काम में तेजी लाने और संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ गुणवत्ता बनाए रखने को कहा। इस दौरान उद्यमियों और व्यापारियों ने जिला प्रशासन की ओर से कराए जा रहे सड़क निर्माण और मरम्मत कार्यों की सराहना की।

40 चौराहों पर सुधरेगी यातायात व्यवस्था

व्यापार बंधु की बैठक में जिलाधिकारी ने शहर की यातायात व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए संचालित प्रोजेक्ट गिफ्ट की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि परियोजना के तहत शहर के 40 प्रमुख चौराहों को व्यवस्थित किया जाएगा। यहां जरूरत के अनुसार लेफ्ट फ्री व्यवस्था, यू-टर्न, दिशा-सूचक बोर्ड, सड़क संकेतक और रोड मार्किंग जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इससे वाहन चालकों को सही मार्ग चुनने में आसानी होगी और जाम की समस्या कम करने में मदद मिलेगी।

जिलाधिकारी ने व्यापारी संगठनों से अपील की कि वे अपने सदस्यों को दुकानों और प्रतिष्ठानों के बाहर अतिक्रमण न करने के लिए जागरूक करें। उन्होंने कहा कि सड़क और फुटपाथ अतिक्रमणमुक्त रहने से यातायात सुचारू होगा।

बसों की पार्किंग और बिजली कनेक्शन का मुद्दा उठा

बैठक में भारतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के पदाधिकारियों ने व्यापारियों से जुड़ी समस्याएं उठाईं। उन्होंने झकरकटी बस अड्डे से कुछ जनपदों के लिए संचालित बसों को विकास नगर बस अड्डे पर स्थानांतरित करने और झकरकटी पुल पर बसों की पार्किंग प्रतिबंधित करने की मांग की। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

व्यापारियों ने 30 और 31 मार्च 2023 को कोपरगंज में हुए अग्निकांड से प्रभावित कारोबारियों की समस्याएं भी रखीं। उन्होंने बताया कि न्यू हमराज बिजनेस सेंटर में प्रतिष्ठान स्थापित करने के बावजूद स्थायी बिजली कनेक्शन और मीटर नहीं मिल पाने से अस्थायी व्यवस्था के कारण अधिक खर्च उठाना पड़ रहा है। इस पर जिलाधिकारी ने केस्को और संबंधित विभागों को नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने व्यापारियों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान करने और विभिन्न विभागों से जुड़े मामलों में आपसी समन्वय बनाने के निर्देश दिए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन, नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय, लोक निर्माण विभाग और केस्को के अधिकारी, उद्यमी उमंग अग्रवाल, विनोद गुप्ता, जिला कोषाध्यक्ष मनोज गुप्ता कुक्कू, जिला महामंत्री राजकुमार भगतानी, जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष रतन सिंह सहित विभिन्न व्यापारी संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप