home page

सौर ऊर्जा से ज्यादा से ज्यादा घरों को रोशन करने का लक्ष्य : जिलाधिकारी

 | 
सौर ऊर्जा से ज्यादा से ज्यादा घरों को रोशन करने का लक्ष्य : जिलाधिकारी


कानपुर, 17 मार्च (हि.स.)। प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत जनपद में तेजी से काम हो रहा है। बड़ी संख्या में लोग सोलर रूफटॉप लगवा रहे हैं, जिससे उन्हें सस्ती बिजली मिल रही है। सभी विभागों के समन्वय से योजना को और गति दी जा रही है। लक्ष्य है कि ज्यादा से ज्यादा घरों को सौर ऊर्जा से जोड़ा जाए। यह बातें मंगलवार को जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने कही।

योगी सरकार की प्राथमिकता वाली प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का असर अब बड़े स्तर पर दिखने लगा है। जिले में सोलर रूफटॉप लगाने की रफ्तार तेजी से बढ़ी है और अब तक 25,335 घरों की छतों पर सोलर संयंत्र लगाए जा चुके हैं। इससे हजारों परिवार सस्ती और साफ बिजली से जुड़ रहे हैं।

नवीकरणीय ऊर्जा विभाग के आंकड़ों के अनुसार योजना की शुरुआत के बाद हर साल इसमें तेजी आई है। वर्ष 2024 में 3,859, वर्ष 2025 में 16,113 और वर्ष 2026 में 11 मार्च तक 5,363 सोलर रूफटॉप लगाए जा चुके हैं। इससे साफ है कि लोगों का भरोसा योजना पर लगातार बढ़ रहा है।

इन सोलर संयंत्रों के जरिए जनपद में करीब 76 मेगावाट सौर ऊर्जा उत्पादन की क्षमता विकसित हो चुकी है। यही वजह है कि फरवरी माह की रैंकिंग में कानपुर नगर पूरे प्रदेश में दूसरे स्थान पर पहुंच गया है।

योजना के तहत जिले में करीब 250 वेण्डर काम कर रहे हैं, जिनके जरिए लगभग 1500 लोगों को रोजगार मिला है। सोलर रूफटॉप लगाने के काम से जनपद में करीब 380 करोड़ रुपये का निवेश हुआ है। वहीं सरकार की ओर से डीबीटी के जरिए लाभार्थियों के खातों में 230 करोड़ रुपये से ज्यादा की सब्सिडी भी भेजी जा चुकी है।

योजना को तेजी देने के लिए प्रशासन स्तर पर लगातार समीक्षा की जा रही है। केस्को, दक्षिणांचल विद्युत वितरण खंड, बैंकर्स और वेण्डर्स के बीच समन्वय बनाकर काम को और गति दी जा रही है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि उपभोक्ताओं की समस्याओं का समय से समाधान किया जाए और सोलर लगाने की रफ्तार को और बढ़ाया जाए।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप