प्रतिभा संसाधनों की मोहताज नहीं होती : जिलाधिकारी
कानपुर, 14 मई (हि.स.)। बेटियों में असीमित क्षमताएं होती हैं और प्रतिभा कभी संसाधनों की मोहताज नहीं होती। मनोबल, अनुशासन और मेहनत के दम पर जीवन के बड़े से बड़े लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं। छात्राओं को आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ना चाहिए और अपने सपनों को पूरा करने के लिए निरंतर प्रयास करना चाहिए। यह बातें गुरुवार को जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, विजयनगर में छात्राओं को सम्बोधित करते हुए कहीं।
जिलाधिकारी आज जीजीआईसी विजयनगर पहुंचे, जहां उन्होंने छात्राओं से संवाद किया और लगभग 400 छात्राओं को निःशुल्क यूनिफॉर्म वितरित किये। यह यूनिफॉर्म उनकी पहल पर जनसहयोग से जुटाई गई धनराशि से उपलब्ध कराई गई। विद्यालय पहुंचने पर छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया, जबकि प्रधानाचार्या दीपिका सिंह भदौरिया ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया।
इसके बाद जिलाधिकारी ने विद्यालय परिसर और कक्षाओं का जायजा लिया तथा छात्राओं से सीधे संवाद किया। उन्होंने छात्राओं को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के संघर्ष और उपलब्धियों का उदाहरण देते हुए कहा कि साधारण पृष्ठभूमि से आने वाले लोग भी अपने संकल्प और मेहनत के बल पर देश के सर्वोच्च पद तक पहुंच सकते हैं।
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने दसवीं की छात्राओं से सामाजिक विज्ञान विषय से जुड़े सवाल पूछकर शैक्षणिक गुणवत्ता को भी परखा। छात्राओं ने उत्साहपूर्वक जवाब दिए, जिस पर जिलाधिकारी ने उनकी सराहना की। उन्होंने छात्राओं को प्रतिदिन अखबार पढ़ने, समय का बेहतर प्रबंधन करने और नियमित नोट्स बनाने की आदत विकसित करने की सलाह दी।
इस दौरान हाईस्कूल परीक्षा में विद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली छात्रा साक्षी सोनी को सम्मानित किया गया। जिलाधिकारी ने विद्यालय को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करने का आश्वासन देते हुए कहा कि छात्राओं को बेहतर और प्रेरक शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जाएगा।
कार्यक्रम में प्रवक्ता प्रीती मौर्या, ऋचा मिश्रा, श्वेता बाजपेई, सीमा कटियार समेत विद्यालय का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

