home page

समाज के हर वर्ग के कल्याण के लिए कार्य कर रही सरकार: केशव प्रसाद मौर्य

 | 
समाज के हर वर्ग के कल्याण के लिए कार्य कर रही सरकार: केशव प्रसाद मौर्य


लखनऊ,14 जुलाई (हि.स.)। भारतीय तैलिक साहू राठौर युवा महासभा, उत्तर प्रदेश की ओर से मंगलवार को सहकारिता भवन में ‘वरिष्ठ सेवा सम्मान समारोह’ का आयोजन किया गया। समारोह को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री

केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि डबल इंजन की सरकार समाज के हर वर्ग के कल्याण के लिए कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा सरकार का लक्ष्य समाज के कमजोर, वंचित और जरूरतमंद वर्गों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ते हुए उन्हें सम्मानजनक जीवन उपलब्ध कराना है। युवाओं से आह्वान करते हुए कहा कि शिक्षा, कौशल विकास, नवाचार और आत्मनिर्भरता को अपनाकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान दें, युवा केवल रोजगार पाने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बने, इसके लिए कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा और स्वरोजगार के अवसरों का अधिकतम लाभ उठाना चाहिए।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी समाज की वास्तविक शक्ति उसके संस्कार, संगठन, शिक्षा और सेवा भाव में निहित होती है, जिन समाजों में अपने वरिष्ठजनों के अनुभवों का सम्मान किया जाता है और युवाओं को सकारात्मक दिशा दी जाती है, वे समाज निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर रहते हैं।

केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि भारतीय तैलिक साहू राठौर युवा महासभा समाज को संगठित करने, शिक्षा को बढ़ावा देने, युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने तथा सामाजिक समरसता स्थापित करने का सराहनीय कार्य कर रही है। ऐसे सामाजिक संगठन सरकार और समाज के बीच एक मजबूत सेतु का कार्य करते हैं तथा समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की भावना पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री झारखंड रघुवर दास, उत्तर प्रदेश राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य रमाशंकर साहू , पूर्व सांसद राम नरायन साहू , जनप्रतिनिधिगण, पार्टी पदाधिकारी व अन्य लोग उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन