home page

टी20 वर्ल्ड कप फाइनल से पहले जौनपुर में टीम इंडिया की जीत के लिए हवन-पूजन

 | 
टी20 वर्ल्ड कप फाइनल से पहले जौनपुर में टीम इंडिया की जीत के लिए हवन-पूजन


टी20 वर्ल्ड कप फाइनल से पहले जौनपुर में टीम इंडिया की जीत के लिए हवन-पूजन


जौनपुर, 08 मार्च (हि.स.)। क्रिकेट का महाकुंभ कहे जाने वाले टी-20 वर्ल्ड कप अपने अंतिम चरण में पहुंच चुका है और पूरे देश की नजरें फाइनल मुकाबले पर टिकी हैं। भारत और न्यूजीलैंड के बीच आज (रविवार) अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले जाने वाले फाइनल मैच को लेकर देशभर में जबरदस्त उत्साह का माहौल है। इसी कड़ी में उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में आज सुबह क्रिकेट प्रेमियों ने टीम इंडिया की जीत के लिए विशेष हवन-पूजन किया।

शहर के प्रसिद्ध शीतला चौकियां धाम मंदिर में मंदिर परिवार और क्रिकेट प्रेमियों ने एकत्र होकर भारतीय टीम की विजय के लिए हवन किया और माता शीतला से प्रार्थना की। इस दौरान वहां मौजूद युवाओं और क्रिकेट प्रेमियों का उत्साह देखते ही बन रहा था। सभी ने विश्वास जताया कि भारतीय टीम आज के मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए न्यूजीलैंड को हराकर टी-20 विश्व कप का खिताब अपने नाम करेगी।

क्रिकेट प्रेमियों ने कहा कि भारतीय खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन प्रदर्शन किया है और फाइनल में भी टीम जीत दर्ज कर देश का नाम रोशन करेगी। युवाओं ने कहा कि आज का मुकाबला बेहद रोमांचक और हाई वोल्टेज होने वाला है, लेकिन उन्हें पूरा भरोसा है कि टीम इंडिया जीत हासिल करेगी।

शीतला चौकियां धाम के महंत विनय त्रिपाठी ने बताया कि भारत और न्यूजीलैंड के बीच होने वाले मैच से पूर्व मंदिर परिसर में भारतीय टीम की जीत के लिए विशेष हवन-पूजन आयोजित किया गया। मंदिर परिवार के साथ दर्शन के लिए आए श्रद्धालुओं ने भी इसमें भाग लिया और भगवान से टीम इंडिया की जीत के लिए प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि पूरा विश्व आज भारत और न्यूजीलैंड के बीच होने वाले फाइनल मुकाबले को देखेगा। सभी ने कामना की है कि भारत बड़े अंतर से जीत हासिल करे और देश में जीत का डंका बजे।

वहीं हवन कराने वाले कल्लू पंडित ने बताया कि टीम इंडिया की विजय के लिए विधि-विधान से हवन किया गया और माता शीतला से प्रार्थना की गई कि आज के मुकाबले में भारतीय टीम को जीत मिले।

उल्लेखनीय है कि भारतीय टीम ने सेमीफाइनल मुकाबले में इंग्लैंड को रोमांचक मैच में हराकर फाइनल में जगह बनाई है। आज रविवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में शाम सात बजे से भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी-20 विश्व कप का फाइनल मुकाबला खेला जाएगा, जिसे लेकर पूरे देश में उत्साह का माहौल बना हुआ।-------------

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव